ललितपुर। 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी जावेद उर्फ जबू उर्फ आशू ठाकुर उर्फ भूरा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। इस दौरान जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और चोरी की एक बाइक बरामद की।
कोतवाली सदर में बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। जांच में जावेद का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं। सोमवार की सुबह कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम वांछित की तलाश कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि जावेद गल्ला मंडी क्षेत्र में हवाई पट्टी के पास मौजूद है। पुलिस टीम के पहुंचने पर जावेद ने उन पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में जावेद के पैर में गोली लगी और वह जमीन पर गिर गया। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से तमंचा, कारतूस, चोरी की एक बाइक, एक मोबाइल और 540 रुपये नकद बरामद हुए। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की।
चोरी का तरीका
जावेद ने पूछताछ में बताया कि उसने 12 नवंबर को बाइक चोरी की थी। वह इस बाइक को हवाई पट्टी पर झाड़ियों में छिपाकर रखा था। उसने पहले भी शहर से कई बाइक चोरी की थीं। इन बाइकों को वह अपने साथी राजवीर को बेच देता था। बाइक बेचने से मिले रुपयों से वह पार्टियां करता था।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
जावेद चोरी की गई बाइक को भी राजवीर के माध्यम से बेचने आया था। पुलिस को देखकर वह पकड़े जाने के डर से झाड़ियों की ओर भागा। पुलिस के रुकने को कहने पर उसने डर के कारण फायर कर दिया। 12 नवंबर की बाइक चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जावेद की पहचान की थी।
बाइक चोरी के मामलों में प्रकाश में आए 25 हजार के इनामी वांछित को मुठभेड़ में घायल होने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद हुई। प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कालू सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक