ललितपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 2836 अपात्रों के नाम छांटे गए थे। इन्हें आपत्ति देने के लिए एक मौका दिया गया, जिनमें सिर्फ 56 व्यक्ति ही सामने आए हैं। अब इनकी जांच करके नियमानुसार आवास आवंटित किया जाएगा।
जिले के नगरीय निकायों में कुल 18,392 पात्रों ने अब तक प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन किया है। जिनमें जांच में 2836 लोग अपात्र पाए गए। इसमें किसी का आधार नंबर गलत था तो किसी का राशन कार्ड दूसरी जगह का था। इस पर अपात्रों की छंटनी की गई, जिसमें नगर पालिका ललितपुर में 1,585 नगर पंचायत तालबेहट में 252, नगर पंचायत पाली में 592 और नगर पंचायत महरौनी में 407 लोग अपात्र थे। अपात्रों को एक मौका देते हुए सभी से दस्तावेज दोबारा मांगे गए। लेकिन आपत्ति दर्ज कराने वालों की संख्या बहुत कम रही। ललितपुर में 32, तालबेहट में 11, महरौनी में 15 और पाली में आठ के साथ कुल 56 लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई थी। अब सूचियां एकत्रित कर इनका स्थानीय स्तर पर सत्यापन किया जा रहा है। यदि आवेदन पात्र होगा तो उसे आवास आवंटित किया जाएगा। यदि अपात्र होगा तो उसका नाम निरस्त कर दिया जाएगा।
ग्रीनबेल्ट में लटके हैं आवास
कुछ लोगों ने शहर की हरित पट्टी में जमीन बेच दी और लोगों ने उस पर आवास बनवाने के लिए आवेदन कर दिया। लेकिन जब विभाग को पता चला कि उक्त जमीन हरित पट्टी क्षेत्र में आती है, तो जिलाधिकारी के निर्देश पर इन आवासों पर रोक लगा दी गई और अब शासन से पत्राचार किया जा रहा है। लेकिन, अब तक शासन से कोई निर्देश नहीं आए हैं।
--------------------
सूची में जो लोग अपात्र हो गए थे, उन्हें आपत्ति देने का एक मौका दिया गया था। जिन लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई है, उनकी अब मौके पर जाकर जांच की जाएगी।
- राजीव शुक्ला, परियोजना अधिकारी (डूडा)