दैनपुरा गांव में अधूरा पङा प्रधान मंत्री आवास
- फोटो : LALITPUR
डोंगरा खुर्द(ललितपुर)। विकास खंड मड़ावरा के गांव दैनपुरा में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ अपात्रों को देने के आरोप में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पर लगाया है। ग्राम प्रधान ने बीडीओ और डीएम को प्रार्थना पत्र देकर उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।
सरकार भले ही गांव के विकास के लिए पानी की तरह पैसा बहा रही हो लेकिन कहीं न कहीं अधिकारी और कर्मचारी एवं अन्य जिम्मेदार लोगों की मनमानी के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों को नहीं मिल पा रहा है। गांव दैनपुरा के प्रधान ने ग्राम विकास अधिकारी पर मनमानी एवं अनियमित्ताएं बरतने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों को शिकायती पत्र सौंपा है। आरोप है कि ग्राम पंचायत में कई वर्षों से तैनात ग्राम विकास अधिकारी वित्तीय वर्ष 2020 -21 में प्रधानमंत्री आवास योजना में दर्जनों अपात्रों (साधन संपन्न लोगों) को इस योजना का लाभ दिया गया। इस सूची में ऐसे लोगों के नाम शामिल हैं जिनके पास दस एकड़ से ज्यादा जमीन है। चार पहिया वाहन और पक्के मकान हैं। इसके अलावा कुछ आवास अधूरे पड़े हैं। जमीनी स्तर पर आवास निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने के बाद भी उसे कागजों में पूर्ण दर्शाकर धनराशि निकाल दी गई है। ग्राम प्रधान ने विकास कार्यों में हुई धांधली की जांच कराए जाने की मांग की है।
ग्राम प्रधान ने ग्राम विकास अधिकारी पर जो आरोप लगाए हैं उसकी जांच कराई जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए तो नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।-दीपेंद्र पांडेय, खंड बिकास अधिकारी मङावरा