ललितपुर। आज रविवार पांच जुलाई को जिले में होने वाले 47.93 लाख पौधरोपण कार्यक्रम को सफल बनाने की सभी तैयारी कर ली गई है। पौधरोपण की निगरानी चुनाव के मतदान की तर्ज पर होगी। इसके लिए जोनल मजिस्ट्रेट, जोनल कोआर्डीनेटर और सेक्टर प्रभारी नामित किए गए हैं।
वर्ष-2020 में जिले का कुल लक्ष्य 47,93,830 पौधे रोपने का तय किया गया है। इसमें (वन विभाग व अन्य विभाग) को शामिल किया गया है। इन पौधों को पांच जुलाई को रोपित करने की रणनीति बनाई गई है। जनपद के लक्ष्य को विभागवार व ग्राम पंचायतवार बांटा गया है, जिसे पूर्ण करने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है। इसके अलावा सभी 16 गोआश्रय स्थलों के बाउंड्री के किनारे पीपल व बरगद आदि प्रजातियों के पौधों का रोपण कराने के लिए कहा गया है। वन विभाग ने 96 स्थलों पर पौधरोपण करने का निर्णय लिया है।
अकेले ललितपुर वन रेंज में एक लाख पैंसठ हजार पांच सौ पौधों का रोपण किया जाएगा। विभिन्न ग्राम पंचायतों ने नर्सरी में उपलब्ध फलदार पौधों का उठान कराया है। इस पौधरोपण की निगरानी के लिए एसडीओ को जोनल मजिस्ट्रेट, क्षेत्रीय वनाधिकारी को जोनल कोआर्डीनेटर एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को सेक्टर प्रभारी बनाया गया है। बुडेरा बीट में होने वाले पौधरोपण में सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, गनगौरा बीट में भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह लोधी एवं महरौनी वन रेंज के सिलावन में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री मनोहर लाल पंथ पौधरोपण कार्यक्रम में बतौर अतिथि शामिल होंगे। ललितपुर वन रेंज प्रभारी अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि पौधरोपण की सभी तैयारी पूरी हो चुकी हैं। पांच जुलाई को सुबह से ही पौधरोपण का कार्यक्रम शुरू हो जाएगा।