ललितपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अंतर्गत कहीं न कहीं चार दिनों में रोज गोलियां चलने से लोगों में दहशत है। ताजा मामला थाना जखौरा के अंतर्गत ग्राम सीरौनखुर्द का है। यहां पर रविवार की सुबह आपस के विवाद में एक युवक ने गोली चला दी, जिससे दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इसी तरह महरौनी के ग्राम सैदपुर में गोली चलने की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची।
थाना जखौरा के अंतर्गत ग्राम सीरौनखुर्द निवासी रामनिवास लोधी पुत्र लाल सिंह राजपूत अपने छिपरट वाले कुएं से आ रहा था। जब वह स्कूल के पास पहुंचा तो उसके गांव के कुछ लोग वहां आए और उससे कहासुनी हो गई। इस पर गांव के एक युवक ने तमंचा निकालकर फायर झोंक दिया, जिससे रामनिवास खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। यह देख ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। उधर, जानकारी होते ही घायल के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने गोली चलाने वाले को ललकारा। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर थानाध्यक्ष जखौरा भारी पुलिस बल के साथ ग्राम सीरौनखुर्द पहुंचे और घटना की जानकारी ली। परिजन घायल रामनिवास को उठाकर मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग व क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुंचकर घायल के परिजनों व ग्रामीणों से घटना की जानकारी जुटाई और घायल के स्वास्थ्य के बारे में पूछा। फिलहाल जखौरा पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है, अभी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
दोनों पक्षों में चली आ रही रंजिश, घायल रामनिवास होमगार्ड का है करीबी
घायल के चाचा तुलसीराम के अनुसार एक वर्ष पूर्व मई में पड़ोस के ग्राम थनवारा के मजरा टपरियन रामगढ़ में खेत पर मिट्टी खोदते समय एक महिला की हत्या कर दी गई थी। महिला के पति ने गांव के एक होमगार्ड व उसके परिवारीजनों पर खेत के विवाद में हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। लेकिन, हत्या के मामले में आठ माह बाद जांच में पाया गया कि महिला की हत्या उसके पति उजागर सिंह ने ही की थी। पुलिस ने उजागर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उसके बाद से दोनों पक्षों में आपसी रंजिश चली आ रही थी। उसी रंजिश के चलते यह गोलीकांड को अंजाम दिए जाने की संभावना है। गोलीकांड में घायल रामनिवास होमगार्ड का करीबी है।
----------
सैदपुर में पथराव व गोली की सूचना पर पहुंची पुलिस
सैदपुर/महरौनी। कोतवाली महरौनी के कुम्हैड़ी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सैदपुर में बीते रोज मातयाना मुहल्ले में एक युवक का पड़ोस में रहने वाले ग्रामीण से विवाद हो गया। इसको लेकर पथराव व गोली चल गई। कुम्हैड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। चौकी इंचार्ज की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ अवैध तमंचा बरामद होने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शनिवार की रात को ग्राम सैदपुर के मोहल्ला मातयाना निवासी काशीराम पुत्र रामचरण विश्वकर्मा का पड़ोस में रहने वाले कपिल पुत्र भरत राजपूत से कहासुनी हो गई और दोनों ओर से गाली-गलौज होने लगी। राजपूत समाज के लोगों ने काशीराम को गालियां देने से मना किया। कुछ देर बाद काशीराम के घर दर्जनों लोग एकत्रित होकर पहुंच गए और फिर से गाली-गलौज शुरू हो गई। अपने को घिरा पाकर काशीराम घर के दरवाजे बंद कर लिए। इस पर कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। तमंचा लहराकर उसने अपना बचाव करने का प्रयास किया। इसी दौरान किसी ने पुलिस को गोली चलने की सूचना दे दी, जिस पर पुलिस सैदपुर पहुंची और घटना की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस द्वारा गोली चलने की घटना से इंकार किया जा रहा है। कुम्हैड़ी चौकी इंचार्ज नरेंद्र सिंह सेंगर की तहरीर पर महरौनी थाना पुलिस ने काशीराम के खिलाफ 312 बोर का अवैध तमंचा व दो कारतूस बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
----------
ग्राम सीरौन खुर्द में गोली चलने से एक युवक घायल हुआ है। मैंने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। उक्त मामले में जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
- कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक