संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। कोतवाली पुलिस बीते दिनों ककड़ारी के निकट दंपती से हुई छिनौती की घटना का पर्दाफाश नहीं कर सकी थी कि रविवार को बाइक सवार दो टप्पेबाज बुजुर्ग दंपती के जेवरात लेकर चंपत हो गए। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है।
पवा निवासी हल्के ग्राम बिजरौठा के मजरा बौलारी में जमीन खरीद कर खेत पर रहते हैं। रविवार को वह पत्नी के साथ पेट्रोल पंप के पास कपड़े खरीदने आए, तभी बाइक सवार दो टप्पेबाजों ने उनकी पत्नी से कहा कि तुम्हारे आवास का पैसा आया है। फोटो चाहिए।
वह हल्के को फोटो खिंचवाने के नाम पर कपड़े की दुकान पर ले गया। इसी बीच उसका साथी रश्मि के पास आया और बोला कि जांच के लिए साहब आ रहे हैं तुम अपने जेवरात उतार दो। उसने चांदी की चूड़ी और मंगलसूत्र उतार कर उसे दे दिए।
इसके बाद टप्पेबाज मौके से साहब को लेने की बात कहकर चंपत हो गया। जब हल्के वापस आया और पत्नी ने उसे चूड़ी और मंगलसूत्र के संबंध में बताया तो उन्हें टप्पेबाजी का अहसास हुआ।
पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी ली और सीसीटीवी कैमरा खंगाल कर टप्पेबाजों की तलाश की। देर शाम तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि घटना की जांच हो रही है।प