ललितपुर। शहर में अधिकांश सड़कों के फुटपाथ का व्यवसायिक उपयोग हो रहा है। ध्यान न देने से दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। वहीं नझाई बाजार से वाटर वर्क्स मार्ग पर खड़ी निजी गाड़ियां और वाहनों की लोडिंग अनलोडिंग से राहगीरों को पैदल चलने में दिक्कत हो रही है। इसके बाद भी न तो नगर पालिका के अफसर ध्यान दे रहे और न ही यातायात विभाग चेत रहा है।
नगर में सड़क किनारे वाहनों को क्रॉस करने और राहगीरों को सुविधा से चलने के लिए फुटपाथ का निर्माण कराया गया है। इससे लोग सुगमता से सफर कर सकें, लेकिन अब फुटपाथ अतिक्रमण की चपेट में आ गए हैं। यहां पर कुछ स्थानों पर लोगों ने अपने निजी वाहन खड़े कर दिए हैं। इनमें कई तो कंडम वाहन खड़े हैं, जो अब कहीं चलने की स्थिति में नहीं है। इससे स्थाई अतिक्रमण हो गया है। वहीं वाटर वर्क्स के सामने सड़क के एक ओर वाहन खड़े हैं।
इसके साथ ही फुटपाथ से खुलेआम दिन में ही वाहनों से माल की लोडिंग-अनलोडिंग हो रही है। इससे चार पहिया वाहन ही नहीं दो पहिया वाहन भी नहीं निकल पाते हैं। वहीं कई स्थानों पर सड़क के फुटपाथ व्यावसायिक बनते जा रहे हैं। तुवन चौराहा से रेलवे स्टेशन तक सड़क के फुटपाथ पर जगह-जगह नर्सरीं लगी हुई हैं। कहीं वाहन बिक्री स्टैंड बन गए हैं। यही नहीं तुवन से तालाबपुरा मार्ग के फुटपाथ पर भी वाहन सुधारने का काम हो रहा है। ऐसे में लोगों को पैदल चलने के लिए फुटपाथ नहीं बचा है। लोगों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ रहा है। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
शहर में रेलवे स्टेशन मार्ग व अन्य मार्गों के फुटपाथ का व्यवसायिक उपयोग होने की जानकारी हुई है। जिसे जल्द ही हटाया जाएगा। साथ ही वाटर वर्क्स के पास खड़े वाहनों का हटाया जाएगा।
- निहालचंद्र, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद