- सीडीओ ने किया निरीक्षण तत्काल कमियों को दूर करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान ने आयुष अस्पताल दैलवारा का निरीक्षण किया। जहां पर उन्हें कई अव्यवस्थाओं मिलीं। जिन्हें सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही वहां पर पानी उपलब्ध न होने पर तत्काल पानी की उपलब्धता कराने के लिए क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने निरीक्षण में देखा कि चिकित्सालय के भवन की स्थिति खराब थी, साथ ही पेंट भी उखड़ गया था। साथ ही चिकित्सालय में पानी व्यवस्था नहीं थी, चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि चार बोर कराए थे, वह सभी फैल हो गए। किसान के कुएं में मोटर डालकर चिकित्सालय में पानी आपूर्ति की जा रही है। पंचकर्म कक्ष की स्थिति खराब पाई गई। बजट के अभाव में बिजली न होने पर जनरेटर का नहीं चलाए जाने की जानकारी दी गई। चिकित्सालय में फिजियोथेरेपी की मशीनें नहीं मिली। साथ ही सफाई कर्मी तैनाती भी नहीं पाई गई। महिला चिकित्सक के अभाव में प्रसव चिकित्सालय में नहीं कराए जा रहे हैं। साथ ही आयुर्वेदिक औषधियों की उपलब्धता कम पाई गई। परिसर में मधुमक्खी के छत्ते लगे मिले, जिन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने सात दिन के अंदर सभी व्यवस्थाओं के सुधारने के क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को निर्देश दिए हैं।