थाना जाखलौन क्षेत्र से ट्रेन के गुजरते समय हुआ घटना का शिकार
जनपद महराजगंज के ग्राम पीपरा कल्यान का था निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ट्रेन से गिरकर एक यात्री की मौत हो गई। मृतक मुंबई से दिल्ली जा रही ट्रेन में सवार था और मुंबई में मजदूरी करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना जाखलौन क्षेत्र से गुजरे रेलवे ट्रैक पर बुधवार को ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर थाना जाखलौन पुलिस मौके पर पहुंची और कपड़ों की तलाशी ली। इसमें कागज व मोबाइल फोन मिला, जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त जनपद महराजगंज के ग्राम पीपरा कल्यान निवासी अजय (32) पुत्र बुद्धिराम के रूप में हुई। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई थी। बृहस्पतिवार को मृतक अजय के परिजन ललितपुर पहुंचे और शव की पहचान की। घटना के बारे में बताया कि अजय मुंबई में काम करता था।
दो दिन दिन पूर्व वह मुंबई से दिल्ली जाने वाली ट्रेन में सवार होकर जा रहा था। ललितपुर में जाखलौन क्षेत्र से होकर गुजरी रेलवे ट्रैक पर चलती ट्रेन से अजय गिर गया और मौत का शिकार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दो भाई एक बहन हैं। उसके दो पुत्र व एक पुत्री है। थाना जाखलौन प्रभारी निरीक्षक हरीशंकर चंद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।