ललितपुर। परेड शारीरिक अभ्यास नहीं, यह अनुशासन, समर्पण और एकता का प्रतीक है। यह बात शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड के दौरान पहले दिन पहुंचे प्रशिक्षुओं से एसपी ने कही।
पुलिस लाइन में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड की गई। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने परेड की सलामी ली। इस दौरान जेटीसी का प्रशिक्षण लेने वाले प्रशिक्षु आरक्षी मौजूद रहे। उन्होंने परेड कर रहे पुलिसकर्मियों के कदमताल, टर्नआउट सहित अन्य चीजों को बारीकी से देखा। पुलिस अधीक्षक ने अनुशासनात्मक महत्व और ड्रेस पर विशेष बल दिया। कहा कि सशक्त पुलिस बल की नींव अनुशासित परेड से ही बनती है। प्रशिक्षु रिक्रूट्स से कहा कि वे प्रशिक्षण के प्रत्येक पहलू को गंभीरता से ग्रहण करें। प्रशिक्षु आरक्षियों की जीरो परेड में सावधान, विश्राम करना सिखाया गया।
मार्च करने के सही तरीके, वर्दी पहनना, वर्दी टर्न-आउट, वर्दी व सादे वस्त्रों में सैल्यूट, एकसाथ टोली में फॉल-इन होने के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन सुनील भारद्वाज, प्रतिसार निरीक्षक जगदीश चंद्र आदि मौजूद रहे।
प्रशिक्षुओं को कराया गया भ्रमण
एसपी ने सभी प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण केंद्र परिसर में स्थित परेड, पीटी ग्राउंड, क्वार्टर-गार्द, जीडी कार्यालय, कंट्रोल रूम, डायल-112 कार्यालय, एमटी कार्यालय का भौतिक रूप से भ्रमण कराया। इन कार्यालयों में होने वाले कार्य-सरकार के विषय में जानकारी दी गई।
दंगा नियंत्रण से संबंधित तकनीकी की दी जानकारी
प्रशिक्षु आरक्षियों को पहले दिन पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण से संबंधित तकनीकी व वैधानिक जानकारी दी गई। दंगा नियंत्रण के आधुनिक तरीकों, उपकरणों बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट, दंगा ढाल, गैस मास्क के उपयोग व इनके प्रयोग की विधियों के बारे में बताया गया। इसके साथ अवैधानिक भीड़ को नियंत्रित करने तथा असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए किए जाने वाले तरीकों, फॉर्मेशन, सुरक्षा घेरा बनाने, चेतावनी के विषय में जानकारी दी। मानवाधिकारों को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक बल प्रयोग करने को लेकर बताया।
-
रिजर्व पुलिस लाइंस में साप्ताहिक परेड के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों को परेड की बारीकियों के बारे में जानकारी दी। उनको परेड के प्रत्येक चरण, उसकी अनुशासनात्मक महत्वता तथा ड्रेस पर विशेष बल देने की बात कही।
मोहम्मद मुश्ताक, एसपी