ललितपुर। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड झांसी से आई टीम ने नगर पालिका के कर्मचारियों की टीम के साथ घंटाघर से कटरा बाजार में पालिथीन उपयोग करने वाले दुकानदारों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 1.86 क्विंटल पालिथीन जब्त की गई।
सोमवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड झांसी कार्यालय से आए लैब अस्सिटेंट ऋषि कुशवाहा और अभिषेक श्रीवास्तव ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार और अन्य कर्मचारियों के साथ कटरा बाजार स्थित दुकानों पर अभियान चलाया। टीम जैसे ही बाजार में पहुंची तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
उन्होंने दुकानों में रखी पालिथीन को छिपा लिया, लेकिन वह टीम की नजरों से बच नहीं सके। टीम ने दुकानों के भीतर, दुकानों की छत पर व कौने खंगाले। कपड़ों की दो दुकानों से 50-50 किलो से अधिक मात्रा में पालिथीन जब्त की गई।
दोनों दुकानदार दुकान की छत पर पालिथीन का स्टाक करके रखे थे। टीम ने करीब एक दर्जन दुकानों से 1.86 कुंतल पालिथीन जब्त की। इसमें अधिकतर दुकानें कपड़ों की रही, जिसमें प्रिंट वाली पालिथीन की थैलियां जब्त की गईं। टीम में नगर पालिका के मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक आरके लवानियां व दिनेश कुमार बिरौनिया, अभिषेक कुमार चौबे, संजय कुमार, अमित पाराशर, देवकीलाल आदि उपस्थित रहे।
कोई मानक नहीं
जब टीम कटरा बाजार में दुकानों पर पालिथीन जब्त कर रही थी, तो कुछ दुकानदारों ने उनसे शासन द्वारा प्रतिबंधित की गई पालिथीन की मोटाई के बारे में जानकारी मांगी गई। इस पर टीम ने कहा कि शासन से पालिथीन का कोई मानक निर्धारित नहीं किया गया है। सभी तरह की पालिथीन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
व्यापारी नेताओं की एक न चली
टीन ने जिन कपड़ों की दो दुकानों से भारी मात्रा में पालिथीन जब्त की, वह शहर के बड़े व्यापारी हैं। इसलिए उनके बचाव में कुछ व्यापारी नेताओं ने पालिका अध्यक्ष व अधिकारियों को फोन लगाकर कार्रवाई नहीं करने व पालिथीन वापस करने के लिए दबाव बनाया, लेकिन टीम ने किसी की कोई बात नहीं सुनी और पालिथीन जब्त कर ली।
कार्रवाई व जुर्माना नहीं है निर्धारित
शासन ने भले ही पालिथीन के उपयोग पर रोक लगा दी है और अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हों, लेकिन शासन ने पालिथीन का उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के संबंध में कोई आदेश नहीं दिए हैं।
पालिथीन का उपयोग करने वालों के खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई की जाए और उन पर क्या जुर्माना लगाया जाए, इसके लिए विभाग अभी शासन के आदेश का इंतजार कर रहा है। नगर पालिका वर्तमान में केवल पालिथीन जब्त कर उसे अपने स्टोर रूम में स्टाक कर रही है।