ललितपुर। केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्लूचिस्तान मामले को उछालकर पाकिस्तान को उसकी औकात बता दी है। पहले कश्मीर मामले में हमें सफाई देनी पड़ती है, अब पाकिस्तान सफाई देता फिर रहा है। उन्होंने वर्ष 2018 में गंगा के अविरल और निर्मल होने की बात कही। यह बातें उन्होंने तिरंगा समापन यात्रा के दौरान पत्रकार वार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि गंगा को अविरल और निर्मल बनाना सबसे बड़ी चुनौती है। लेकिन, सात जुलाई को 250 परियोजनाओं का शिलान्यास कर दिया गया, जिसके साथ ही गंगा को अविरल एवं निर्मल बनाने का शुभारंभ हो गया है। वर्ष 2018 में गंगा अविरल एवं निर्मल हो जाएगी। नदियों को जोड़ने के जवाब में उन्होंने कहा कि देश भर में बाढ़ से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। इस पानी रोककर उसे सूखे क्षेत्रों में ले जाना ही नदी जोड़ो योजना का मकसद है। गौरक्षा के जवाब में उन्होंने कहा कि गौशाला गौरक्षा का समाधान नहीं है बल्कि गौपालन ही गौरक्षा का उपाय है। देशी गायों की नस्ल सुधारने की जरूरत है।
प्रधानमंत्री ने गौरक्षा पर सही बात कही है। तिरंगा यात्रा पर उन्होंने कहा कि पीएम ने आजादी के सत्तरवें वर्ष में तिरंगा यात्रा निकालकर सभी देशवासियों में उत्साह का संचार किया है। आजादी का मतलब जब सरकार अन्नदाताओं के सामने खड़ी हो जाए। गांव का आदमी कुर्सी पर बैठा हो और कलेक्टर खड़ा हो। प्रधानमंत्री ने इसके प्रयास शुरू कर दिए हैं। जवाहरलाल नेहरू के समय से लेकर अब तक की अधूरी परियोजनाओं को पूरा किया जा रहा है। हमें ऐसा देश बनाना होगा, जिसमें अच्छी दवाई व पढ़ाई एवं रोजगार की व्यवस्था हो और किसी को भय न लगे। जिसका घर का कांच का हो, उसे दूसरे घर पर पत्थर नहीं फेंकना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे चरितार्थ कर दिया है। कश्मीर मामले में देश को हर बार सफाई देनी पड़ती थी, अब पाकिस्तान को ब्लूचिस्तान मामला उछलने पर सफाई देनी पड़ रही है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सिंह लोधी, सांसद प्रतिनिधि जगदीश सिंह चौहान सहित स्थानी पदाधिकारी मौजूद रहे।