ओवरब्रिज का काम शुरू होने से पहले ही बंद कर दिया देवगढ़ रोड
ललितपुर। सेतु निगम द्वारा देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग के दूसरी ओर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जारी है, इसके लिए सड़क के एक ओर से वाहनों का आवागमन जारी है। वहीं, अब सेतु निगम द्वारा रेलवे क्रॉसिंग के पहले स्टेशन की ओर भी ओवरब्रिज का निर्माण कार्य किया जाना है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू करने से पहले ही रेलवे क्रॉसिंग से स्टेशन तिराहा की ओर आवागमन बंद कर दिया गया है। करीब पांच दिन से मार्ग बंद होने से राहगीरों को परेशानी हो रही है।
देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग पर सेतुु निगम द्वारा ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए पौने दो साल पहले सेतुु निगम द्वारा रेलवे क्रॉसिंग के दूसरी ओर नेहरूनगर की ओर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू किया था, जिसमें नौ पिलर, गार्डर का काम होने के बाद वर्तमान में यहां स्लैब का काम चल रहा है। जबकि, रेलवे क्रॉसिंग से पहले स्टेशन की ओर एक पिलर का निर्माण किया गया था। वहीं, अब सेतु निगम द्वारा रेलवे क्रॉसिंग के पहले स्टेशन तिराहा की ओर अन्य पिलर के लिए गड्ढे खोदने का कार्य शुरू किया जाना है। इसके लिए सेतु निगम ने तैयारी कर ली है, लेकिन यहां स्थानीय नागरिकों के कुछ मकान भी व अन्य निर्माण भी जद में आने से विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जिसके चलते वर्तमान में निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जा सका है और इसके लिए जिला प्रशासन की मदद से नापजोख कराई जा रही है, फिलहाल कुछ वक्त लग सकता है, लेकिन सेतु निगम ने इससे पहले ही यहां रेलवे क्रॉसिंग के ठीक पहले पचास मीटर और स्टेशन तिराहा की ओर मध्य में बैरीकेडिंग लगाकर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। ऐसे में राहगीरों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, रेलवे क्रॉसिंग के दूसरी ओर स्थानीय लोगों को करीब पांच किलोमीटर का रास्ता तय करके घूमकर जाना पड़ रहा है। इसके साथ ही बड़े वाहनों बस, ट्रक व अन्य चार पहिया वाहनों के लिए सिद्घन बाईपास से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। इसके साथ ही यदि कोई बीमार है या अन्य कोई परेशानी है तो एंबुलेंस को भी इतना लंबा चक्कर लगाने के बाद ही उक्त स्थान तक पहुंचना पड़ रहा है, जबकि अभी काम शुरू होने में वक्त लग सकता है।
स्थानीय लोगों ने लगाए ड्राइंग बदलने के आरोप
देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग के पहले ओवरब्रिज का निर्माण शुरू होने की कवायद चल रही है। जहां स्थानीय लोगों के कुछ मकान व अन्य निर्माण बाधा बन रहे हैं। शुरूआत में सेतु निगम द्वारा ओवरब्रिज के निर्माण के लिए रेलवे क्रॉसिंग के पहले स्टेशन तिराहा की ओर जाने पर दायी ओर स्थित एक मंदिर का एक कोना व अन्य निर्माण कुछ फीट तक आने के अनुसार ड्राइंग तैयार की गई थी। लेकिन, अब वर्तमान में जो सड़क है उसके मध्य से पिलर निर्माण की बात सामने आने पर स्थानीय लोगों ने सेतु निगम के अधिकारियों पर ड्राइंग बदलने के आरोप लगाते हुए पूर्व में हुए समझौते के तहत ही निर्माण कराए जाने की मांग की है। जिससे उनके रहवासी भवन भी बचे रहेें और ब्रिज का निर्माण भी पूरा हो जाए।
देवगढ़ रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज के निर्माण के लिए विद्युत पोल शिफ्ट नहीं हो सके हैं, जबकि 1.40 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। रेलवे क्रॉसिंग के पहले कुछ अतिक्रमण है और कुछ लोगों के मकान हैं, इसके लिए तहसीलदार व लेखपाल के माध्यम से नापजोख करके रिपोर्ट जिला प्रशासन को दी जाएगी। यहां ओवरब्रिज का निर्माण होना पहले से प्रस्तावित है और सक्षम अधिकारी की अनुमति लेकर ही यहां मार्ग बंद किया गया है। निर्धारित प्रक्रिया के बाद जल्द ही निर्माण शुरू किया जाएगा। ओवरब्रिज के निर्माण को ड्राइंग में कोई बदलाव नहीं किया गया है। एक मंदिर का कुछ छज्जा व चबूतरा को लेकर मामूली बदलाव हो सकता है। - वेद प्रकाश, डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर, सेतु निगम।