ललितपुर। कोरोना के खतरे से बचाव के लिए एक साइड दुकानें खोलने के निर्णय का पालन कराने में अफसरों को खासी मेहनत करनी पड़ी। सुबह बाजारों में दुकानदारों ने दोनों साइड दुकानें खोल दी। इस पर सेक्टर मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को समझाया, तब जाकर एक साइड की दुकानें खोली जा सकीं।
ग्रीन जोन में आते ही जिले के बाजार खोलने का प्रशासन पर दबाव बढ़ने लगा। इस पर जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने सशर्त दुकानों को खोलने की मंजूरी दी, लेकिन बाजारों में भीड़भाड़ को नहीं रोका जा सका। इस पर डीएम ने पूर्व के फैसले को रद्द कर दिया और उसकी जगह एक साइड की दुकानें खोलने का प्लान तैयार किया। बुधवार को जब बाजार खुला तो तमाम दुकानदार बेपरवाह नजर आए। कइयों ने दोनों साइड की दुकानें खोल लीं।
महावीर प्याऊ के पास बेतरतीब बाइकें खड़ी हो गई, जिससे अव्यवस्था उत्पन्न हो गई। बाजारों में भी भीड़ बढ़ने की आशंका उत्पन्न हो गई। इस सूचना पर सेक्टर मजिस्ट्रेट/ उद्यान अधिकारी शालिकराम और पुलिस हरकत में आ गई। उन्होंने कटरा बाजार, मुख्य बाजार, नझाई बाजार, मुख्य मार्ग के बाजार में पहुंचकर उन दुकानों को बंद कराया, जिन्हें बुधवार को खुलना नहीं था। नझाई बाजार में कुछ दुकानदार ऐसे भी रहे, जिन्होंने प्रशासन के नियमों को धता बताकर अपनी दुकानें खोल लीं। इससे पहले जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल व पुलिस अधीक्षक एमएम बेग ने बाजार खोलने के दौरान भीड़ प्रबंधन हेतु व्यापार मंडल के सदस्यों एवं प्रमुख व्यापारियों के साथ बैठक की।
बैठक में चर्चा की गई कि बाजार को इस प्रकार खोला जाए ताकि लोगों के बीच शारीरिक दूरी बनी रहे, जिससे जनपद में कोरोना के खतरे से प्रभावी बचाव किया जा सके। बैठक में व्यापार मंडल के सदस्यों के साथ गहन विचार विमर्श के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि एक दिन में बाजार में केवल एक साइड की दुकानें खोली जाएं व दूसरी साइड की दुकानें बंद रहेंगी। पुन: अगले दिन दूसरी साइड की दुकानें खुलेंगी और पहले साइड की दुकानें बंद रहेंगी। जनपद में दुकानें खोलने का समय सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित किया गया है।
---------------
यह निर्धारित किया गया रोस्टर, आज खुलेंगी यहां की दुकानें
बृहस्पतिवार को दुकानों के खोलने का समय प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक रहेगा। घंटाघर से शनीचरा चौराहा तक जगदीश मंदिर साइड की दुुकानें खुलेंगी। शनीचरा चौराहा से नदीपुरा तक नीलकमल साइड की दुकानें खुलेगी, नदीपुरा से नेहरु महाविद्यालय तक गोविंद नगर साइड की दुकानें खुलेंगी। लोहा पीतल मार्केट में मनमोहन जड़िया के साइड की दुकानें खुलेंगी। चूड़ी लाइन में महेंद्र जैन सुनीता वाली साइड की दुकानें खुलेंगी। सर्राफा लाइन में नूतन ज्वैलर्स साइड की दुकानें खुलेंगी। महाकाली लाइन में कामरा, आनंद भागनगर साइड की दुकानें खुलेंगी। सुभाष मार्केट वाली लाइन में पीहर साड़ी साइड वाली दुकाने खुलेंगी। नझाई बाजार में राकेश बड़कुल, प्रेम मगौड़ी वाली साइड की दुकानें खुलेंगी। जूता-चप्पल लाइन में मो इकराम की दुकान साइड की दुकानें खुलेंगी। पुरानी तहसील से स्टेशन की तरफ जाने पर सदर कोतवाली, काफी हाउस वाली साइड की दुकानें खुलेंगी। शनीचरा चौराहे से रामलीला मैदान की अटा मंदिर साइड की दुकानें खोली जाएंगी। तालाबपुरा तिराहे से तुवन मंदिर चौराहे तक एचएम जैन मार्केट साइड की दुकानें खोली जाएंगी। जगदीश मंदिर में सपना स्टोर साइड वाली दुकानें खोली जाएंगी। वर्णी चौराहे से डेम रोड पर वर्णी इंटर कॉलेज साइड की दुकानें खुलेंगी। अभिलाषा पेट्रोल पंप से सदनशाह दरगाह से रेलवे क्रॉसिंग की ओर जिला अस्पताल, सदनशाह दरगाह साइड वाली दुकाने खोली जाएंगी। स्टेशन रोड से देवगढ़ रोड की ओर कलारी साइड की दुकानें खोली जाएंगी। सदर कांटा से बयाना नाले की तरफ चैबे मार्केट साइड की दुकानें खुलेंगी। ब्याना नाले से मन्नू कोरी मंत्री जी के पेट्रोल पंप तक गल्ला मंडी साइड की दुकानें खोली जाएंगी। इलाइट चौराहे से पिसनारी बाग की तरफ पांडिया टेंट हाउस साइड की दुकानें खोली जायेंगी। कैलगुवां रोड तिराहे से रजवारा की तरफ एम्ब्रोसिया कॉलोनी के विपरीत साइड की दुकानें खोली जाएंगी।
कटरा बाजार की दुकानों पर लगी ग्राहकों भीड़- फोटो : LALITPUR