संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थाना जाखलौन क्षेत्र के ग्राम बरखेरा के पास सोमवार की देर रात विधायक लिखी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने सड़क किनारे बाइक सहित खड़े तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिस के आश्वासन के बाद करीब ढाई घंटे में स्थिति सामान्य हुई। इस मामले में पुलिस ने राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ के बेटे नरेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जाखलौन क्षेत्र के ग्राम बरखेरा निवासी शिवेंद्र यादव (18) सोमवार रात धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर घर जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान वह गांव के ही अनुज और शंकर के साथ बाइक के पास खड़ा था। तभी जाखलौन की ओर से तेज गति से आ रही फॉर्च्यूनर कार ने तीनों को बाइक समेत टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शिवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। अनुज और शंकर की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद गांव के लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने जाम लगाकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद जब उन्होंने कार को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार लोगों ने असलहा लहराकर डराया और जान से मारने की धमकी दी।सभी मौके से भाग गए। ग्रामीणों के अनुसार विधायक लिखी यह कार श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री एवं महरौनी विधानसभा के विधायक मनोहर लाल पंथ की है, जिसमें उनका पुत्र सवार था। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लगभग ढाई घंटे बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने इस मामले में ग्राम बरखेरा निवासी राजपाल की तहरीर पर राज्यमंत्री के बेटे नरेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।