ग्राम बरोदा विजलोंन में खेत में लगी आग बुझाते ग्रामीण । संवाद
गांव वालों ने पाया काबू, बिजली के तारों से निकली चिंगारी से आग लगने का अनुमान
संवाद न्यूज एजेंसी
जाखलौन (ललितपुर) खेत पर खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। गांव के लोगों ने ट्यूबवेल की मोटर और प्लास्टिक के डिब्बों में पानी भरकर आग को बुझाया। फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर पहुंचने से पूर्व गांव वालों ने आग पर काबू पा लिया।
ब्लॉक बिरधा अंतर्गत ग्राम बरौदा बिजलौन निवासी रघुवीर लोधी के डेढ़ एकड़ में गेहूं की फसल कटी हुई रखी थी। बृहस्पतिवार की दोपहर को अचानक इसमें आग लग गई। आग तेजी से फैलती जा रही थी। इधर सूचना पर थाना जाखलौन पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने प्लास्टिक के डिब्बों में पानी भरकर आग बुझाने लगे। इसके साथ फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इस बीच गांव के लोगों ने पास में स्थित एक ट्यूबवेल से पाइपलाइन डालकर खेत तक लाए और पानी डालकर आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड वाहन पहुंचने से पहले किसानों ने ट्यूबवेल मोटर चलाकर आग पर काबू पा लिया। खेत के ऊपर से निकले विद्युत तारों से शाॅर्ट सर्किट होने से आग लगने का अनुमान लगाया जा रहा है। पीड़ित किसान ने बताया कि उसे लाखों का नुकसान हुआ है और उसने प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग की है।