संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। घर से निकली वृद्धा का शव खेत पर स्थित कुएं में उतराता हुआ मिला। परिजनों का कहना है कि गांव में चल रही चकबंदी प्रक्रिया में पुस्तैनी जमीन-कुआं बदले जाने के कारण वृद्धा ने आत्महत्या की है।
कस्बा बानपुर निवासी काशीबाई (70) का शव घर से करीब 4-5 किलोमीटर दूर स्थित खेत पर बने कुएं में बुधवार को उतराता हुआ मिला। भतीजे कुंवर लाल के मुताबिक काशीबाई के नाम गांव में 4.40 डिसमिल जमीन है। सिंचाई के लिए करीब पचास वर्ष पुराना एक कुआं भी है। वर्तमान में कस्बा बानपुर में चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। काशीबाई का उक्त कुआं वाला खेत एक अन्य ग्रामीण को आरक्षित कर दिया गया था, जबकि काशीबाई को दूसरी जगह पर जमीन आवंटित की गई, इसमें भी कुआं था।
चकबंदी प्रक्रिया में उसका पुस्तैनी खेत व कुआं दूसरे को मिल जाने को लेकर काशीबाई परेशान और निराश थी। वह अपने खेत को ज्यों का त्यों रखते हुए खेत व कुआं वापस करने की बात कह रही थी। इसी से निराश होकर काशीबाई ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका के दो पुत्र व चार पुत्रियां हैं। थानाध्यक्ष सियाराम वर्मा ने बताया कि मौत के कारणों की जांच पड़ताल की जा रही है।