ललितपुर। थाना जीआरपी के अंतर्गत शहर के देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग पर गेट बंद होने के बाद भी रेल पटरी पार कर रहे एक वृद्ध की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जीआरपी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शहर के मोहल्ला सिविल लाइन, देवगढ़ रोड निवासी बालचंद जैन (87) शुक्रवार की दोपहर में करीब ढाई बजे खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकले थे। वह पौने तीन बजे देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग से होते हुए नेहरू नगर की ओर जा रहे थे, लेकिन यहां गेट बंद था तो वह गेट के नीचे से निकलकर रेल पटरियां पार करने लगे। इसी दौरान झांसी से बीना की ओर जा रही एक तीन डिब्बों की विशेष ट्रेन आ गई, यह देख गेट पर दोनों ओर खड़े लोग वृद्ध को रोकने के लिए काफी चिल्लाए, लेकिन वृद्ध ने जल्दी से पटरियां पार करने के लिए अपने कदम और तेज कर दिए और वह ट्रेन की चपेट में आ गया और काफी दूर तक घिसटता चला गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहां मौजूद किसी परिचित ने उसके परिजनों को जानकारी दे दी, जिस पर परिजन मौके पर पहुंच गए। जानकारी पर मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के तीन पुत्र व एक पुत्री है।