कुजान घाट के पुल के नीचे गिरा तेज का टैंकर ट्रक।
महरौनी/ललितपुर। नाराहट-महरौनी मार्ग पर ग्राम पठा के पास जामनी नदी के कुझान घाट पुल पर शुक्रवार को बड़ा हादसा होने से बच गया। पुल के ऊपर दो से तीन फुट पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। इसके बावजूद पेट्रोल से भरे टैंकर चालक ने पुल पार करने का प्रयास किया। पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से टैंकर अनियंत्रित होकर बहने लगा। चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। टैंकर का अगला हिस्सा पुल पर अटक जाने से वह पूरी तरह बहने से बच गया। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से टैंकर को पानी से बाहर निकलवाया।
शुक्रवार सुबह पेट्रोल से भरा टैंकर महरौनी से नाराहट की ओर जा रहा था। ग्राम पठा के पास कुझान घाट पुल पर जामनी नदी का पानी करीब दो से तीन फुट ऊपर से तेज बहाव के साथ निकल रहा था। इसके बावजूद चालक ने टैंकर को पुल से निकालने का प्रयास किया। पुल के बीच पहुंचते ही टैंकर पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और असंतुलित होकर बहने लगा। टैंकर को बहता देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया। चालक ने किसी तरह टैंकर से कूदकर अपनी जान बचाई। टैंकर का पिछला हिस्सा पुल के नीचे पानी में पहुंच गया, जबकि अगला हिस्सा पुल पर ही अटका रहा। ग्रामीणों के अनुसार किसी पत्थर के नीचे आ जाने से भी टैंकर आगे नहीं बह सका।
पानी कम होने के बाद क्रेन से निकाला टैंकर
घटना की सूचना मिलने के बाद जामनी बांध के गेट बंद कराए गए। दोपहर में नदी का जलस्तर कम होने के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से टैंकर को पानी से बाहर निकलवाया। ग्रामीणों के मुताबिक घटना के बाद चालक मौके से चला गया। सीओ महरौनी अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि टैंकर को क्रेन की मदद से बाहर निकलवा लिया गया है। उन्होंने लोगों और वाहन चालकों से अपील की कि नदी के पुल या रपटा के ऊपर पानी का बहाव होने पर उसे पार करने का प्रयास न करें। तेज बहाव में हादसे की आशंका रहती है। पानी का स्तर कम होने और पुल सुरक्षित होने के बाद ही वाहनों को निकालें।