गदयाना। ग्राम पंचायत गदयाना से बरखिरिया और खजरा गांव को जोड़ने वाला करीब दो-तीन किलोमीटर लंबा मार्ग वर्षों से बदहाल पड़ा है। सड़क पर जलभराव, कीचड़ और गंदगी के कारण ग्रामीणों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।
शुक्रवार सुबह इसी बदहाल मार्ग पर एक हार्वेस्टर मिट्टी के दलदल में बुरी तरह धंस गया। काफी प्रयास के बाद भी जब वह बाहर नहीं निकल सका तो कोपलीन मशीन की मदद से उसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए गदयाना से बरखिरिया और खजरा जाने वाले मार्ग का जल्द से जल्द पक्का निर्माण कराया जाए। इस दौरान ग्राम प्रधान ओमकेश यादव सहित डॉ. महावीर पटैरिया, नारायण साहू, महेश पाल, रामनरेश, हेमंत कुमार, विनोद, रामपाल, प्रताप अहिरवार आदि मौजूद रहे।