संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कलक्ट्रेट सभागार में रविवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने का मुद्दा छाया रहा। सांसद अनुराग शर्मा ने अफसरों से जवाब तलब करते हुए कहा कि गांव में बिजली न मिलने से नलकूप नहीं चल पा रहे हैं। फसलें सूख रही हैं और किसान परेशान हैं। उन्होंने फटकार लगाते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
बीमा क्लेम को लेकर डीडी कृषि पर नाराजगी व्यक्त की। सामूहिक विवाह योजना में शिथिलता बरतने पर समाज कल्याण अधिकारी को आड़े हाथ लिया। सांसद ने बैठक में अनुपस्थित सेतु निगम के अधिकारियों को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से बताई गई समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनें और उनका निस्तारण सुनिश्चित कराएं। विभागों की योजनावार समीक्षा करते हुए विगत बैठक की अनुपालन आख्या तलब की। बताया गया कि मनरेगा योजनांतर्गत 101 खेल मैदान तैयार कर लिए गए हैं। मृतप्राय जलस्रोतों में कुओं, बावड़ियों का पुनरुद्धार कराया जा रहा है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 1943 समूहों का लक्ष्य पूर्ण है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में 6 कार्यों में से 5 पूर्ण बताए गए। गिरार में सड़क निर्माण लंबित बताया गया। अधिशासी अभियंता ने 27 फरवरी तक पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।
रकवारा और चंदावली में जल जीवन मिशन की लाइन खराब होने के कारण आपूर्ति बाधित बताई गई। एडीएम नमामि गंगे और अधिशासी अभियंता जल निगम को मौके पर जाकर समस्या का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। 40 नए विद्यालयों के निर्माण में 15 का स्थान चिह्नित न होने पर नाराजगी व्यक्त की। पाली में 50 बेड के अस्पताल के लिए शासन स्तर से दूसरी किस्त जारी हो चुकी है, जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा।
गौना में पेयजल आपूर्ति के लिए एनएचएआई से समन्वय से कार्य कर आपूर्ति सुचारु कराने के निर्देश दिए। कैलगुवां बाइपास पर चल रहे फ्लाईओवर का निर्माण शीघ्र पूर्ण कर स्ट्रीट लाइट लगवाने को कहा। लीकेज के कारण चर्च से जेल चौराहे की खराब सड़क दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता जल निगम ने बताया कि 15 ग्राम समूह योजना संचालित हैं जिनसे 577 गांवों में जल आपूर्ति की जा रही है। 722 में से 703 सड़कों को ठीक कर लिया गया है। सांसद ने पेयजल आपूर्ति मार्च में सुचारु करने व सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजनांतर्गत 2,90,664 आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत 5 करोड़ 88 लाख रुपये शासन से प्राप्त हुए हैं, जिसका भुगतान इसी माह किए जाने की बात कही गई। कचनौदा बांध के किसानों के लिए 30 करोड़ में से 27.5 करोड़ का भुगतान हो चुका है, शेष भुगतान भी इसी माह हो जाएगा।
सांसद ने सहकारिता विभाग से मूंगफली की कुल पैदावार, उठान और भुगतान का विवरण तलब किया। बताया गया कि गेहूं खरीद के लिए 51 केंद्र बनाए गए हैं। इस दौरान सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन, एमएलसी प्रतिनिधि अतुल निरंजन, शिक्षक विधायक प्रतिनिधि केदारनाथ तिवारी, मुन्नालाल जैन, दिनेश गोस्वामी, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक, सीडीओ कमलाकांत पांडे, एडीएम अंकुर श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।