ललितपुर। नवोदय विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को सुचारु व अधिक बिजली देने की कवायद बिजली विभाग ने शुरू कर दी है। शहरी फीडर से जोड़कर नवोदय विद्यालय को बिजली देने के लिए शहर के मुहल्ला नेहरू नगर से दैलवारा तक नई हाइटेंशन लाइन बिछाने के लिए 48 लाख रुपये का स्टीमेट तैयार किया गया है।
शहर से दस किमी दूर ग्राम दैलवारा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए बिजली विभाग द्वारा गल्ला मंडी सब स्टेशन में स्थापित राजघाट फीडर के माध्यम से दो दर्जन गांव के साथ बिजली आपूर्ति मुहैया कराई जाती है। राजघाट फीडर की लाइन काफी बड़ी होने के कारण आए दिन ट्रांसफार्मर व विद्युुत लाइनों में फाल्ट होने के कारण घंटों बिजली आपूर्ति गुल बनी रहती है।
कई बार तो रात-रात भर बिजली नहीं मिलने से बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है। उमस भरी गर्मी में बच्चों व विद्यालय प्रशासन को काफी परेशानी होती है। कई बार बिजली नहीं आने से पानी की समस्या भी बनी रहती है। इसके चलते विद्यालय प्रशासन द्वारा बिजली विभाग को पत्र लिखकर नवोदय विद्यालय को शहरी फीडर से आपूर्ति करने की मांग की थी।
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार विद्यालय प्रशासन द्वारा स्टीमेट को मंजूरी मिलने पर शहरी फीडर से बिजली देने की कवायद शुरू कर दी जाएगी। शहरी फीडर से बिजली मिलने पर विद्यालय प्रशासन व स्कूली बच्चों को राहत मिल सकेगी।