बांध पर करीब डेढ़ रुपये लागत से लगाई जा रही हाईमास्ट, रोशनी से आकर्षित होंगे यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद के सबसे बांधों में शुमार साइफन प्रणाली युक्त गोविंद सागर बांध पर अब सैलानी रात के समय भी जा सकेंगे। सिंचाई विभाग ने यहां पर अब करीब डेढ़ लाख रुपये की लागत से दो हाईमास्ट लाइट लगवा दी है। इससे अब बांध रात में जगमग होगा।
झांसी-सागर नेशनल हाईवे-44 के किनारे पर गोविंद सागर बांध निर्मित है। इस बांध का निर्माण प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री गोविंद बल्लभ पंत के नाम पर वर्ष 1953 में किया गया है। बांध में 18 गेट के साथ साथ साइफन प्रणाली भी है। बांध में संरक्षित किए गए पानी का उपयोग किसानों को सिंचाई व शहर के लोगों को पेयजल में किया जाता है। वहीं रेलवे को भी पानी की आपूर्ति की जाती है। साइफन प्रणाली बांध होने के कारण यह बांध सैलानियों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र है।
मानसून सीजन में इस बांध पर प्रतिदिन सैकड़ों सैलानी आते हैं। बांध पर प्रतिदिन सुबह-शाम की सैर करने वाले भी यहां पर जाते है। अभी तक बांध के साढ़े तीन किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग पर बिजली के खंभे तो लगे थे। लेकिन उन पर लाइट नहीं लगी थी। इस कारण यहां रात के समय अंधेरा पसरा रहता था और रात के समय यहां से लोग निकलने में कतराते थे। इसे देखते हुए सिंचाई विभाग ने बांध पर करीब डेढ़ लाख रुपये की लागत से दो हाईमास्ट लाइट लगाए जाने की कार्ययोजना तैयार की थी।
कार्ययोजना को स्वीकृति मिलने के बाद बांध पर हाईमास्क लाइट लगवाना शुरू कर दिया गया है। एक लाइट गेटों के पास पार्किग एरिया में और दूसरी लाइट साइफन के पास पार्किंग एरिया में लगाई जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बांध पर दो हाईमास्ट लाइट लगने से बांध का मार्ग रोशनी से जगमगाएगा। साथ ही बांध के भराव क्षेत्र से गुजरे झांसी-सागर नेशनल हाईवे-44 से गुजरने वाले गैर प्रांत के वाहन चालकों को रात के अंधेरे में यह आकर्षित करेगा।
गोविंद सागर बांध पर करीब डेढ़ लाख रुपये की लागत से दो हाईमास्ट लाइट लगवाई जा रही है। लाइट लगने से रात के समय भी बांध रोशनी से जगमगाएगा और यहां सैलानी आने को आकर्षित होंगे। -इंजी. हरिओम चक, सहायक अभियंता, राजघाट निर्माण खंड