संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पीएम सम्मान निधि का लाभ लेने के लिए अब किसानों को ई-फार्मर रजिस्ट्री कराना जरूरी होगा। यहां 1.72 लाख किसान पीएम निधि के पात्र थे, जिनमें 75 हजार किसानों की निधि तकनीकी कारणों से पहले ही रोक दी गई थी। शेष 97 हजार किसानों में 4921 ने ई-फार्मर रजिस्ट्री करा ली है।
जनपद में कुल 2.62 लाख किसान हैं, जिसमें 1.72 लाख किसानों को सम्मान निधि दी जाती थी। करीब 75 हजार किसानों की तकनीकी कारणों के चलते निधि बंद कर दी गई। वर्तमान में 97 हजार किसानों को सम्मान निधि की 18वीं किस्त उनके खातों में भेजी जा चुकी है। अब शासन से किसानों की ई-फार्मर रजिस्ट्री कराई जा रही है, जिसमें जमीन का पूरा ब्योरा दर्ज किया जा रहा है।
अब किसी भी सरकारी योजना के लाभ के लिए ई-फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य होगी। चाहे वह कृषि के मामले में हो या फिर बिजली या अन्य विभागों की योजना, सबके लिए ई-रजिस्ट्री जरूरी होगा। पीएम सम्मान निधि भी उन्हीं किसानों को मिल सकेगी, जिनकी ई-फार्मर रजिस्ट्री होगी। अब तक मात्र 4,921 किसानों ने ही ई-फार्मर रजिस्ट्री कराई है। बाकी करीब 92 हजार किसान ई-फार्मर रजिस्ट्री कराने के बाद ही निधि पा सकेंगे।
-
फॉर्मर रजिस्ट्री के लिए क्या करें
किसानों को सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल ‘www.upfr.agristack.gov.in’पर जाना होगा। इस पर आसानी से अपना रजिस्ट्रेशन कर पाएंगे। इसके अलावा ‘Farmer Ragistry Up’ के माध्यम से भी पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
000000
कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को ई-फार्मर रजिस्ट्री कराना जरूरी है। किसान जल्द ही इसे करा लें, अन्यथा योजनाओं के लाभ से वंचित हो जाएंगे।-केके पांडेय, सीडीओ