ललितपुर। कस्बा बार क्षेत्र में उर्वरक की दुकानें निरीक्षण के दौरान बंद मिलने के मामले में जिला कृषि अधिकारी ने उक्त दुकान संचालकों को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
बीते रोज शुक्रवार को अपर कृषि अधिकारी ने अपनी टीम के साथ बार क्षेत्र में सहकारी समितियों व उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों पर पहुंचकर निरीक्षण किया था। इसमें शुरुआत में पांच उर्वरक की दुकानें बंद पाई गई थी, जिनमें तीन उर्वरक विक्रेताओं व अन्य समितियों के सचिवों से संपर्क करके दुकानें व समितियां खुलवाकर उनसे यूरिया का वितरण शुरू करा दिया था, लेकिन दुबे ट्रेडर्स लड़वारी और आर्या ट्रेडर्स की उर्वरक की दुकानें बंद पाई गई थीं। इस पर अधिकारियों की टीम ने उनके विक्रेताओं से सपंर्क किया, लेकिन उन्होंने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिए थे। इसके चलते किसानों को यूरिया लेने के लिए परेशान होना पड़ा। ऐसे में अब जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती ने खाद की दुकानें बंद मिलने के मामले में दुबे ट्रेडर्स व आर्या ट्रेडर्स के दोनों उर्वरक विक्रेताओं को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है और उनसे सात दिन में स्पष्टीकरण देने को कहा कि उन्होंने उर्वरक दुकानें किस वजह से नहीं खोली।