ललितपुर। जनपद में अब बिना फिटनेस के सड़कों पर वाहन नहीं दौड़ सकेंगे। परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों को फिटनेस कराने के लिए नोटिस जारी कर दिए हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि एक साल से 2000 वाहनों टैक्स बकाया चल रहा है जबकि 1100 की फिटनेस नहीं हुई है। ऐसे में बिना फिटनेस के वाहन चलता पाया गया तो सीज के साथ ही जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी।
शासन का सड़कों पर हो रही दुर्घटनाओं में कमी लाने को लेकर सख्त रुख है। नियमों के खिलाफ संचालित हो रहे वाहनों पर रोकथाम लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इनमें स्कूली वाहनों पर अधिक जोर दिया जा रहा है। विभाग ने कार्रवाई की तैयारियां तेज कर दीं हैं। विभाग ने अनफिट हो चुके वाहनों का डाटा तैयार कर लिया है। विभाग में पंजीकृत वाहनों में 3100 वाहनों की फिटनेस समाप्त हो चुकी है। इनमें छह स्कूली बसें भी शामिल हैं। इन वाहन स्वामियों को कार्यालय से फिटनेस कराने के लिए नोटिस जारी कर दिया गया है।
वर्जन
जिले में बिना फिटनेस के 3100 वाहन हैं, जिसमें छह स्कूली बसें भी शामिल है। सभी वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही प्रवर्तन के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
- राजेश कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी