ललितपुर। नगर के कई मुहल्लों में पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गलियों व खाली पड़े मैदानों में जलभराव से स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। नगर के दर्जनों मुहल्ले ऐसे हैं, जहां पर जलभराव की समस्या है।
पूरे शहर के विकास की डोर नगर पालिका के हाथों में है। नगर के दर्जनों मुहल्लों की हालत खराब है। शहर के मुहल्ला नेहरू नगर, गांधीनगर, नई बस्ती, खिरकापुरा, विष्णुपुरा, नारायणपुरा, रैदासपुरा, घुसयाना, रामनगर, बड़ापुरा, गोविंद नगर, रावतयाना, चौकाबाग व इसी तरह अन्य मलिन व पिछड़ी बस्तियां हैं, जहां की पहचान उबड़-खाबड़ सड़कें व आधी-अधूरी बनी नालियां हैं। बरसात के कारण वर्तमान में इन मुहल्लों में रहना तो दूर की बात जाना भी दुस्वार हो गया है।
उखड़ चुकी गढ्ढे युक्त सड़कों व कच्चे रास्तों पर जमा कीचड़ के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पैदल निकलने वाले सड़क किनारे बने चबूतरों के सहारे किसी तरह निकल जाते हैं, लेकिन सुबह तैयार होकर दुकान व कार्यालय जाने वाले मोटरसाइकिल वालों और स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
कई दर्जन गलियां हैं जिनमें पानी की निकासी के लिए कोई व्यवस्था नहीं है, घरों से निकला गंदा पानी व सारी गंदगी सड़कों पर बहती रहती है। इन गलियों से गुजरने वाले राहगीरों के साथ-साथ सबसे ज्यादा समस्या स्थानीय लोगों को होती है। यहां रहने वाले लोगों व बच्चों का गंदगी के कारण बाहर बैठना व खेलना भी दुश्वार हो गया है। गंदगी में मच्छरों के साथ-साथ बीमारियां भी पनपने लगी हैं। कई जगहों पर बनी नालियां सफाई के अभाव में चौक हो चुकी हैं। नाली में जमा गंदगी, बरसात के पानी के साथ बहकर रास्तों पर आ गई है। कीचड़ युक्त इन कच्चे रास्तों पर नगर पालिका की झाड़ू भी किसी काम की नहीं है। गंदगी के कारण अब तो लोगों को बीमारियों का डर सताने लगा है।
नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों द्वारा सड़कों पर झाड़ू तो लगाई जाती है, लेकिन पिछले कई महीनों से नालियों की सफाई नहीं की गई है। चोक नाली की गंदगी पास के खाली मैदान में एकत्रित हो रही है, जिससे बच्चों का घर के बाहर खेलना भी मुश्किल हो गया है। जलभराव व गंदगी की समस्या को एक वर्ष से अधिक समय बीत गया है।
-मुन्नीबाई
वार्ड नंबर 02 मुहल्ला गांधीनगर निवासी
घर के सामने की सड़क कई वर्षों से नहीं बनी है, पार्षद व नगर पालिका के अधिकारियों से अनेकों बार मांग की गई है, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ है। बिना सड़क व नाली से हमेशा कीचड़ की स्थिति बनी रहती है। यहां रहने वाले दर्जनों परिवारों को इस समस्या का सामना करना पड़ता है।
-सुमन बाई
वार्ड नंबर 20 मुहल्ला गांधीनगर निवासी