महरौनी। महरौनी स्थित 132 केवी सब स्टेशन में स्थापित उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर की केबल बॉक्स किट में खराबी आ जाने से सैदपुर फीडर एवं महरौनी टाउन क्षेत्र की बिजली मंगलवार को पूरे दिन ठप रही। इसके अलावा दो दर्जन गांवों में भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस कारण ग्रामीणों को बिजली के अभाव में भीषण गर्मी के कारण परेशान होना पड़ा। महरौनी में मंगलवार की सुबह 132 केवी सब स्टेशन में स्थापित 10 एमवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर की केबल बॉक्स के किट में फाल्ट हो गया, जिससे महरौनी कस्बा और सैदपुर फीडर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जानकारी मिलने पर ट्रांसमिशन के अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर के केबल बॉक्स किट में खराबी आने को ठीक करने का प्रयास शुरू किया। इस फाल्ट को ठीक करने में अधिकारियों को दिन भर का समय लग गया। इसके कारण पूरे दिन ग्रामीणों को बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी। अधिकारियों की मानें तो रात्रि आठ बजे के बाद ही बिजली सुचारू होने की उम्मीद है। सैदपुर फीडर के दो दर्जन गांव और महरौनी कस्बा के विभिन्न मोहल्लों की बिजली गुल रही। मंगलवार को जहां बिजली ने खूब रुलाया, वहीं नौतपा के दूसरे दिन तापमान भी चरम पर रहा। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक दिन का तापमान पहुंच गया। इसे झुलसने वाली गर्मी में ग्रामीणों को बिजली नहीं आने से घरों में भी राहत नहीं मिल सकी। ग्रामीण घरों के बाहर निकलते तो तेज तपन में झुलसने तथा घरों में कूलर व पंखे नहीं चलने से पसीना-पसीना हो रहे थे। हालांकि, बिजली अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर की खराबी के बारे में सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी उपलब्ध करा दी थी।
10 एमवीए के ट्रांसफार्मर का केबल बॉक्स किट डैमेज हो जाने से 11 केवी सैदपुर व 11 केवी महरौनी कस्बा की बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। इसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। रात्रि में बिजली सुचारू हो जाएगी।
- बृजेंद्र पाल, अवर अभियंता