ललितपुर। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी अन्नावि दिनेशकुमार ने कहा कि अधिकारी कर्मचारी व शिक्षक अपने परिवार का टीकाकरण नहीं कराते है, तो उनका तत्काल वेतन रोक दिया जाए।
कलक्ट्रेट परिसर पार्क में आयोजित कोविड-19 कोर कमेटी बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने यह बात कही । उन्होंने बताया कि 24 घंटे में 2699 टेस्ट कि ए गए हैं। इसमें एक भी संक्रमित नहीं पाया गया है। टीकाकरण में बताया गया कि 2631 लोगों का टीकाकरण किया गया है, जिसमें 18 से 44 वर्ष के 1121 व 45 से अधिक उम्र के 1510 लोगों ने डोज लगवाई। 18 से 44 वर्ष के टीकाकरण की प्रगति कम होने व मड़ावरा में वैक्सीन की कमी पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने एमओआईसी को कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि क्षेत्र के आधार पर वैक्सीन की मांग करें, जहां टीकाकरण होना है वहां तीन दिन पहले से ही टोलियों के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सभी विभागों के अधिकारी/कर्मचारी/शिक्षक अपने परिवार सहित टीका नहीं लगवाते हैं तो तत्काल उनका वेतन रोका जाए। परियोजना अधिकारी डूडा लाभार्थियों की सूची के अनुसार सभी लाभार्थियों का टीकाकरण करवाएं। इसके साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी सभी कोटेदारों उनके परिवार व सभी कार्डधारकों का टीकाकरण कराना सुनिश्चित कराएं। इस दौरान बताया कि ग्राम रनगांव व इमलियाकलां के प्रधान टीकाकरण में सहयोग प्रदान नहीं कर रहे हैं, जिस पर पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया कि उक्त ग्राम प्रधानों से समन्वय स्थापित कर सहयोग लेकर प्रचार-प्रसार कराएं। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक व बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक दशा में कल शाम तक बच्चों के अभिभावकों की सूची उपलब्ध कराएं। इस दौरान सीडीओ, एडीएम, डीएफओ, सीएमओ, सीएमएस, डीसी मनरेगा, ईओ, बीएसए, डीआईओएस, एसीएमओ आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।