ललितपुर। डीएम आलोक सिंह ने बानपुर में निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के प्रगतिशील उच्चीकरण व भवन निर्माण के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय अवधि के भीतर कार्य पूर्ण होना चाहिए। उन्होंने कहा कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
निरीक्षण में बताया कि एक प्रशासनिक भवन का निर्माण कराया जा रहा है। जिसमें चार कक्षाएं और जीव विज्ञान व रसायन विज्ञान की तीन प्रयोगशालाएं बनाई जा रहीं हैं। प्रशासनिक भवन की छत पड़ चुकी है और बाहर की ओर प्लास्टर का कार्य चल रहा है। साथ ही एक छात्रावास भी निर्माणाधीन है, जिसके ग्राउंड फ्लोर का कार्य छत लेवल तक पूर्ण हो चुका है। करीब 313 लाख के बजट में अब तक 126 लाख की धनराशि व्यय की जा चुकी है। शासन द्वारा समय से परियोजना पर बजट प्राप्त होने की स्थिति में कार्य दिसंबर तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इस दौरान सीडीओ अनिल कुमार पांडेय, कार्यदायी संस्था यूपी सिडको के सहायक अभियंता एके सचान आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।