ललितपुर। बीएसए ने शहर के निकटवर्ती कंपोजिट विद्यालय (संवलियन) मसौराखुर्द की शिक्षिकाओं को प्रेरणा लक्ष्य, दीक्षा एप सहित संचालित पुस्तकों के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाना महंगा पड़ गया। बीएसए ने नौ शिक्षिकाओं को प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान की, साथ ही अन्य स्कूलों के शिक्षकों का वेतन रोक दिया। निरीक्षण में प्रावि अनुसूचित जाति बस्ती मसौराखुर्द बंद पाया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामप्रवेश ने प्रावि मसौरा बैरियर का निरीक्षण निरीक्षण किया। निरीक्षण में इंचार्ज प्रअ अनिल शर्मा 25 एवं 26 नवंबर को बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। वहीं, शिक्षामित्र प्रतिमा मिश्रा 23 नवंबर से बिना किसी सूचना के लगातार अनुपस्थित चल रही हैं। वहीं, शिक्षा मित्र शोभा राजे, राजकुंवर निरीक्षण दिवस में अनुपस्थित पाई गईं। विद्यालय में बने शौचालयों में टाइल्स नहीं लगवाए गए हैं। परिसर में गंदगी पाई गई। प्रावि अनुसूचित जाति बस्ती मसौराखुर्द निरीक्षण के समय विद्यालय बंद पाया गया। निरीक्षण में अनपुस्थित पाए गए अध्यापकों एवं शिक्षामित्रों का माह नवंबर का वेतन/मानदेय रोक दिया। कंपोजिट विद्यालय मसौराखुर्द का निरीक्षण किया। बीएसए ने अनुदेशक पूजा त्रिपाठी की अस्थाई संबद्धता तत्काल प्रभाव से समाप्त करते हुए उन्हें अपने मूल विद्यालय में योगदान देने के निर्देश दिए। विद्यालय में कार्यरत समस्त अध्यापिकाओं से प्रेरणा लक्ष्य, दीक्षा एप, शिक्षक मॉडयूल, विद्यालय में संचालित पुस्तकों एवं वर्क बुकों के नाम व संख्या आदि की जानकारी ली गई लेकिन वे संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। बीएसए ने कार्यरत समस्त अध्यापिकाओं को प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान की, साथ ही सचेत दिया कि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति पाए जाने पर कठोर/दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर, खंड शिक्षा अधिकारी जखौरा को निर्देशित किया कि उपरोक्त विद्यालयों में पाई गई कमियों में शिथिल पर्यवेक्षण प्रदर्शित हो रहा है। उन्होंने कमियों को दूर कराते हुए एक सप्ताह में आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।