ललितपुर। विधानसभा निर्वाचन के तहत पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों की एक बैठक जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक सिंह के निर्देशन में जीआईसी में आयोजित की गई, जिसमें मंगलवार को दो बैंकों के सहायक प्रबंधकों समेत नौ अधिकारी व कर्मचारी गायब रहे। जिस पर निर्वाचन अधिकारी ने सख्ती से कार्रवाई की चेतावनी दी।
मतदान संबंधी प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्राथमिक विद्यालय चीरा जखौरा की शिक्षामित्र मायादेवी, पीजीटी जवाहर नवोदय विद्यालय दैलवारा शिवमंगल, अनुचर पूर्व माध्यमिक विद्यालय बरीखुर्द तालबेहट देवेंद्र यादव, लेखाकार डायट सरोज कुमारी एवं जीआईसी में प्रवक्ता अमन बाबू, अधिकारी पंजाब नेशनल बैंक शाखा मड़ावरा श्रीष पांडेय, सहायक भारतीय जीवन बीमा निगम लिमिटेड अभिषेक गुप्ता सहायक प्रबंधक केनरा बैंक बंगरिया अमे शरद जोरे, सहायक प्रबंधक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया वर्णी ब्रांच योगेश पुरोहित अनुपस्थित रहे। इस पर जिलाधिकारी ने अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन रोकने के साथ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने के लिए संबंधित कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित कर्मी अनिवार्य रूप से 16 फरवरी तक प्रशिक्षण लेना सुनिश्चित करें, अन्यथा की स्थिति में कठोर कार्यवाही के लिए तैयार रहें।
ईवीएम के प्रयोग के बारे में दी जानकारी
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि समस्त पीठासीन अधिकारी एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट निर्वाचन पूर्ण मनोयोग के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें एवं ईवीएम को प्रयोग में लाने की विधि भलीभांति सीख लें। सभी पीठासीन अधिकारी निर्देशिका का गंभीरतापूर्वक अध्ययन करें। जिला विकास अधिकारी ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज के कक्षों में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंगलवार को कुल 300 पोलिंग पार्टियों को प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु बुलाया गया था। सभी मास्टर ट्रेनर्स द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक जानकारी मतदान अधिकारियों को प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान सीडीओ अनिल कुमार पांडेय, डीडीओ केएन पांडेय, जिला प्रशिक्षण अधिकारी सलीम खान, जिला कार्यक्रम अधिकारी नीरज सिंह, जिला उद्यान अधिकारी परवेज खान आदि उपस्थित रहे।