ललितपुर। झांसी-बीना के मध्य रेलवे द्वारा बनाई जा रही तीसरी रेल लाइन के अनुरूप ही ललितपुर रेलवे स्टेशन का भी विस्तार हो रहा है। टिकट घर के सामने नया भवन बनाया जा रहा है। इसमें इंजीनियरिंग के कार्यालयों के अलावा जनरल वेटिंग हॉल और रिजर्व लाउंज बनाए जाएंगे। रेलवे स्टेशन पर नेहरु नगर की ओर तीसरी लाइन के साथ ही प्लेटफार्म एवं फुट ओवरब्रिज और स्वचलित सीढ़ियां भी बनेगी। इस पूरी योजना पर 13 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
ललितपुर रेलवे स्टेशन की सूरत आने वाले दिनों में बदलने वाली है, सुंदरीकरण के बाद यह नए अवतार में दिखाई देगा। झांसी से बीना के मध्य तीसरी रेल लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ थाने के पीछे और टिकट घर के सामने पुराने माल गोदाम को तोड़कर नया भवन बनाया जा रहा है। इसमें निचली मंजिल में कार्यालय के लिए कमरों का निर्माण किया जाएगा। यहां इंजीनियरिंग विभाग का कार्यालय, इलेक्ट्रिक व कंस्ट्रक्शन विभाग के कार्यालय शिफ्ट किए जाएंगे। इसमें जनरल वेटिंग हॉल व वीआईपी रिजर्व लाउंज का निर्माण भी होगा।
इस भवन के दूसरी मंजिल पर छह कमरे तैयार होंगे, इनमें अन्य कार्यालय खोले जाएंगे। इस नवीन भवन का निर्माण कार्य रेलवे द्वारा एक कंपनी के माध्यम से लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। निर्माण कार्य शुरु हो गया है। भवन निर्माण के लिए खुदाई के साथ- साथ फाउंडेेेशन का कार्य हो रहा है। रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म एक व दो पर दो दो स्वचलित सीढ़ियां बनाई जानी हैं। पहले से निर्मित फुट ओवरब्रिज का विस्तारीकरण होना है, जो रेलवे स्टेशन से बाहर की ओर जाएगा, ताकि यात्रियों के साथ-साथ नेहरुनगर क्षेत्र के लोग स्टेेशन पर न उतरकर सीधे बाहर जा सकेंगे। रेलवे द्वारा तीसरी रेल लाइन का निर्माण कार्य नेहरु नगर की ओर किया जाएगा, इसमें नेहरु नगर की ओर प्लेटफार्म का विस्तार भी होगा, जो तीसरी लाइन के अनुसार किया जाएगा। रेलवे स्टेशन का नया भवन बनने एवं अन्य कार्य होने के बाद ललितपुर रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं को भी बढ़ाया जाएगा।
झांसी व ललितपुर को एनएसजी-4 श्रेणी में रखा गया है, उसी के अनुसार यहां रेलवे स्टेशनों का विस्तार किया जा रहा है। इसमें मानक के अनुसार यात्री सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। प्लेटफार्म की लंबाई बढ़ाई जाएगी। तीसरी रेल लाइन का कार्य चल रहा है, इसके पहले अन्य निर्माण कार्य पूरे किए जा रहे हैं।
- मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, रेलवे झांसी।