ललितपुर। नवागढ़ क्षेत्र के अध्यक्ष सनत कुमार जैन ने डीएम को ज्ञापन देकर कहा कि नवागढ़ बस नियमित रूप से न चलने के कारण इस मार्ग से आवागमन करने वाले यात्रियों व छात्रों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नियमित बस चलवाने की मांग की है।
राज्य परिवहन की एक बस झांसी से नवागढ़ और नवागढ़ से झांसी चलती है। इससे क्षेत्र के यात्रियों, छात्रों, मरीजों व तीमारदारों के अलावा दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र नवागढ़ पर आए यात्रियों को आने जाने में सुविधा रहती है। कुछ महीनों से बस एक माह में 10 दिन ही चलती है जिससे लोगों को नवागढ़ से झांसी आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय प्रबंधक झांसी से नवागढ़ से झांसी बस सेवा नियमित संचालन कराने की मांग की है।
उधर, पाली क्षेत्र के पान उत्पादन करने वालों ने राज्य परिवहन निगम की बस पर जाल लगवाए जाने की मांग करते हुए एसडीएम को ज्ञापन दिया है। किसानों ने बताया कि कस्बे में 500 से भी ज्यादा परिवार पान की खेती पर आश्रित हैं। इलाके में पैदा होने वाला पान राज्य परिवहन निगम की बस से बरेली भेजा जाता है लेकिन कुछ दिनों से बस की छत पर लगा जाल परिवहन विभाग ने हटा दिए है जिस कारण अब पान के गट्ठे बरेली नहीं जा पा रहे है और पान नष्ट हो रहे है। जिस कारण रोजी रोटी का संकट आन खड़ा हुआ है। यदि बस पर जाल नहीं लगाया गया तो पान किसान आंदोलन पर बाध्य होंगे।