संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर/डोंगराखुर्द। महरौनी विधानसभा क्षेत्र का प्रमुख नाराहट–जामनी बांध मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। करीब दो वर्ष पहले सड़क का नवीनीकरण कराया गया था, लेकिन वर्तमान में यह मार्ग जगह-जगह गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुका है। आठ माह पूर्व कराया गया पैचवर्क भी बारिश के सामने टिक नहीं पाया। सड़क की खराब हालत के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मार्ग से 50 से अधिक गांवों के करीब 20 हजार लोगों का प्रतिदिन आवागमन होता है। स्थिति यह है कि दोपहिया वाहन चलाना भी जोखिम भरा हो गया है। लगभग 14 किलोमीटर का सफर तय करने में लोगों को एक घंटे तक का समय लग रहा है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
झांसी-सागर हाईवे से मदनपुर और मड़ावरा क्षेत्र को जोड़ने वाला यह मार्ग क्षेत्र की महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है। कई स्थानों पर सड़क धंस चुकी है और तीन से चार फीट तक गहरे गड्ढे बन गए हैं। गड्ढों से बचने के प्रयास में बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। लगातार झटकों के कारण वाहन चालकों को शारीरिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के कुछ समय बाद ही सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन इसके बाद समुचित मरम्मत नहीं कराई गई। खराब सड़क के कारण लोगों को मध्य प्रदेश के मालथौन से होकर करीब 30 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इसके लिए टोल टैक्स भी देना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है
ललितपुर से जामनी बांध, धौर्रा राजघाट और जखौरा तक संचालित लगभग एक दर्जन बसें इसी मार्ग से गुजरती हैं। इन बसों में बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्कूली छात्र-छात्राएं सफर करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण बस यात्रा बेहद असुविधाजनक हो गई है। पहले की तुलना में यात्रा में लगभग दोगुना समय लग रहा है।
-
फैक्ट फाइल
सड़क की लंबाई : 14 किमी
जुड़े गांव : 50 से अधिक
प्रभावित आबादी : लगभग 20 हजार
प्रतिदिन वाहनों का आवागमन : करीब 2,000
-
बोले ग्रामीण
फोटो 38
14 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं। ब्लॉक प्रमुख और ग्राम प्रधानों के माध्यम से कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
बृजकिशोर तिवारी
-
फोटो 39
नाराहट–जामनी बांध मार्ग की स्थिति बेहद खराब है। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से मांग है कि इस सड़क को दो लेन में विकसित कराया जाए।
भूप्रताप सिंह :
फोटो 40
नाराहट–जामनी बांध मार्ग के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग के माध्यम से प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।
मनोहर लाल पंथ, श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री