न्यायालय के आदेश् पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
- फोटो : ???? ????
कोर्ट के आदेश पर चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
ललितपुर। थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम चकलालौन में नौ माह पूर्व एक युवक के साथ मारपीट में घायल होने के बाद उपचार के दौरान तीन माह बाद उसकी मौत हो गई थी। कोर्ट के आदेश पर थाना जखौरा पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
थाना जखौरा के ग्राम चकलालौन निवासी अमर पाल सिंह पुत्र मुलायम सिंह ने न्यायालय को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बीते वर्ष 16 अक्तूबर 2020 को उसके गांव के पप्पू राजा, शिवाजी, सोनू राजा एवं महेंद्र सिंह ने मिलकर उसे व उसके भाई की लाठियों व कुल्हाड़ी से मारपीट की थी। जिससे वह दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसकी सूचना उसने उसी दिन रजिस्टर्ड पोस्ट पुलिस अधीक्षक व अन्य उच्चाधिकारियों को की थी। जबकि घटना के दिन ही उसकी व उसके भाई का चिकित्सीय परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखौरा में कराया गया था, लेकिन थाना जखौरा पुलिस द्वारा न तो कोई मुकदमा दर्ज किया गया और न ही कोई कार्रवाई की गई। भाई संजू राजा की हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए मेट्रो हॉस्पिटल ग्वालियर में भर्ती कराया गया, जहां उसका दो माह तक इलाज चला। इसके बाद बीते 15 जनवरी 2021 को उसके भाई संजू राजा की मारपीट से आई चोटों के कारण मौत हो गई। भाई के अंतिम संस्कार के बाद जैसे ही पंच घर गए तो आरोपियों ने उसके घर आकर धमकी दी कि कोई कार्रवाई नहीं करना और राजीनामा को धमकाया। वह थाने में रिपोर्ट लिखाने गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब जखौरा पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मामले में आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा मुकदमा दर्ज कर लिया है।