पाली/ललितपुर। थाना पाली के अंतर्गत कस्बा पाली में दुकान पर शराब पीने के बाद युवक की हालत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ने कस्बे के ही एक व्यक्ति पर शराब के गिलास में कीटनाशक दवा मिलाने का आरोप लगाया है।
कस्बा पाली निवासी सलमान (19) पुत्र सादिक अली शुक्रवार की दोपहर को लगभग दो बजे अपनी दुकान पर शराब पी रहा था। इसी दौरान उसकी अचानक से हालत बिगड़ गई। आसपास केे लोगों ने उसके परिजनों को जानकारी दी, जिस पर उसके परिजन उसे जिला चिकित्सालय ले गए, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के पिता सादिक अली ने देर शाम को पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया कि सलमान दुकान में शराब का गिलास लेकर बैठा था, इसी दौरान सलमान कुछ सामान लेने चला गया, तो पीछे से कस्बा का ही एक व्यक्ति आया और सलमान के गिलास में कीटनाशक दवा मिला दी और सलमान ने आकर वही शराब पी ली, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। पिता ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की है। थानाध्यक्ष पाली राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो