ललितपुर। मुहल्ला आजादपुरा निवासी एक व्यक्ति पिछले कई वर्षों से नगर पालिका से अपना अधिकार पाने के लिए भटक रहा है। सीएम कार्यालय द्वारा जिलाधिकारी को निर्देशित करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। मामला नगर पालिका द्वारा उसकी दुकान हटाकर कांप्लेक्स बनाए जाने का है। उसका कहना है कि पालिका ने उसे कॉप्लेक्स में तीन दुकानें अवांटित करने का वादा किया था। उसने पालिका पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है।
पीड़ित कपूरचंद्र पुत्र ग्यासी ने बताया कि वह पिछले लंबे समय से नझाई बाजार स्थित नगर पालिका की खुली दुकान में व्यापार कर रहा था। बाद में नगर पालिका ने उसकी दुकान को हटाकर वहां पर कांप्लेक्स का निर्माण करा दिया है। उसने बताया कि दुकान हटाते समय नगर पालिका ने उसको कांप्लेक्स में तीन दुकानें आवंटित करने का आश्वासन दिया था, इस संबध में वर्ष 2010 के माह अक्तूबर में बोर्ड बैठक के प्रस्ताव में दुकान आवंटित करने के लिए उसका नाम अंकित किया गया था। लेकिन, अब तक उसे दुुकान आंवटित नहीं की गई है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने से उसके लिए परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। पीड़ित ने इस संबंध में मुख्यमंत्री से कार्रवाई की गुहार लगाई थी। सीएम कार्यालय द्वारा इस संबंध में कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को निर्देशित कर दिया गया है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उसने पालिका पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है।