संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रंजिश में विपक्षियों ने मोहल्ला जुगपुरा निवासी मां-बेटी के साथ लाठी-डंडा से हमला कर दिया। लाठी-डंडों से मारपीट में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जुगपुरा की गीता अपनी पुत्री रक्षा के साथ बुधवार रात घर पर थी। इसी दौरान मोहल्ले के बसंत, सुरेंद्र, दीपक, गरीबदास, शशी, गौतम, रामस्वरूप, श्रीपत आए और रंजिश के चलते गीता व रक्षा के साथ गाली गलौज की। मना करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडा से हमला करते हुए मारपीट कर दी। हमलावरों ने रक्षा की स्कूटी में भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाकर पुलिस ने चिकित्सकीय परीक्षण कराते हुए भर्ती कराया।
-
राजीनामा करने का बना रहे थे दबाव
गीता देवी ने बताया कि विपक्षियों के खिलाफ उसने एक मुकदमा दर्ज कराया था। उक्त मुकदमे में विपक्षी राजीनामा का दबाव बना रहे थे। हाल में तारीख के दौरान विपक्षियों ने उसके साथ अभद्रता की थी। इसकी शिकायत उसने कोतवाली में की थी। पुलिस वालों ने उसे यह कहते हुए घर भेज दिया था कि वह अभी आ रहे हैं। जब मां-बेटी घर पहुंची तो यहां हमलावरों ने एकराय होकर उन पर हमला कर दिया। महिला की पुत्री रक्षा ने हमलावरों पर मारपीट सहित अन्य आरोप भी लगाए हैं।
जुगपुरा में दो पक्षों के बीच लड़ाई-झगड़ा की सूचना मिली थी। एक पक्ष की दो महिलाएं घायल हुई हैं। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
अभय नारायण राय, क्षेत्राधिकारी सदर