धर्मगुरुओं के साथ बैठक करते जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने धर्मगुरुओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि यदि मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा एवं अन्य किसी धार्मिक स्थल पर शासन के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। धार्मिक स्थलों पर पांच से अधिक लोग न जाएं।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र ने कहा कि आठ जून से धार्मिक स्थलों को खोला गया है। जिलेवासी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और मास्क का प्रयोग करने में कोताही बरत रहे हैं। प्रत्येक व्यक्ति को इस महामारी से बचने के लिए मास्क एवं सैनिटाइजर का प्रयोग करना आवश्यक है। धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालु एवं पुजारी मास्क का प्रयोग अनिवार्य रुप से करें। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में कोरोना महामारी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, शासन द्वारा रियायतें दी गई हैं। इसके कारण आवागमन बढ़ जाने से संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए धर्मगुरुओं को ऐसी व्यवस्था करनी होगी, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था बनी रहे और सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन होता रहे। ऐसी व्यवस्था बनाएं कि एक बार में पांच श्रद्धालु ही धार्मिक स्थलों में प्रवेश करें। पूजा-अर्चना के समय धर्मगुरुओं एवं श्रद्धालुओं को मास्क पहनना अनिवार्य है।
पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने कहा कि मस्जिदों में नमाज के समय मुस्लिम भाई चेहरे पर मास्क एवं अन्य किसी कपड़े का प्रयोग अवश्य करें। मस्जिदों में धर्मगुरु नमाज के समय इस प्रकार व्यवस्था बनाएं कि शासन के निर्देशों का पालन अनिवार्य रुप से हो। धर्मगुरुओं ने कहा कि शासन के निर्देशों का पालन किया जाएगा। धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी जागरूक किया जाएगा।