सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय ने मार्च के मासिक लक्ष्य को पूरे से भी अधिक वसूल कर लिया है, लेनिक वार्षिक वसूली में अभी विभाग काफी पीछे है। मार्च समाप्त होने में आज का ही दिन शेष है, ऐसे में वार्षिक लक्ष्य पूरा होना संभव नहीं है। विभाग बड़े बकाएदारों से वसूली नहीं कर पाया है, इस वजह से वह वार्षिक लक्ष्य में पांच करोड़ रुपये से अधिक से पीछे है।
2016-17 वित्तीय वर्ष में आला अफसरों ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय को 21.24 करोड़ रुपए राजस्व वसूली का लक्ष्य दिया गया था। अब तक मात्र 16 करोड़ रुपये ही वसूल किया जा सका है। परिवहन विभाग ने मार्च का मासिक लक्ष्य 1.92 करोड़ रुपये दिया था जो आठ लाख रुपए अधिक दो करोड़ रुपए वसूल किया गया। विभागीय आला अफसरों द्वारा शतप्रतिशत राजस्व वसूली में पिछड़ने पर यहां तैनात अधिकारियों को सख्ती से वसूली के निर्देश दिए थे और हर हाल में राजस्व वसूल करने के लिए रणनीति से अवगत कराने को भी कहा था। जिस पर एआरटीओ कार्यालय द्वारा वाहन स्वामियों को राजस्व वसूली के लिए नोटिस भी जारी किए थे। एआरटीओ विभाग द्वारा बड़े बकाएदारों से अब भी वसूली नहीं की जा सकी है, जो विभाग के लिए चुनौती बनी हुई है।
वार्षिक लक्ष्य पूरा करने के लिए बकाएदार वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किए गए हैं। शीघ्र ही वसूली कर ली जाएगी।
सतेंद्र कुमार, एआरटीओ प्रशासन।