इस वित्तीय वर्ष तय 5530 शौचालयों का पैसा मिला, 2781 लाभार्थियों के खाते में गई धनराशि
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले से 7125 शौचालयों की मांग भेजी गई थी। शासन ने इस मद में धनराशि जनपद में नहीं भेजी। वर्तमान वित्तीय वर्ष में 5530 शौचालयों का पैसा भेजा है। इसमें सोमवार को 2781 लाभार्थियों के खाते में सीधे रकम डाली गई है। इससे पूर्व, दिसंबर में 2759 लाभार्थियों के खाते में रकम डाली जा चुकी है। अभी प्रथम किश्त छह हजार रुपये भेजी गई है। शौचालय निर्माण के लिए शासन से 12 हजार की धनराशि लाभार्थी को दी जाती है।
जिले में पंचायत राज विभाग के माध्यम ग्रामीण इलाकों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत निजी शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिला पंचायत राज कार्यालय से 7125 शौचालयों की मांग भेजी गई थी लेकिन उस वित्तीय वर्ष में शासन की ओर से एक रुपये भी नहीं मिला। इसके बाद वर्तमान वित्तीय वर्ष में धनराशि निर्गत की गई है।
अभी तक सिर्फ 5530 शौचालयों की प्रथम किश्त जारी गई है, ऐसे में अभी भी 1595 शौचालयों की धनराशि शासन ने नहीं भेजी है। जिला पंचायत राज अधिकारी कुंवर सिंह यादव ने बताया कि शासन से भेजी गई धनराशि लाभार्थियों को सीधे खाते में डाल दी गई है। प्रथम किश्त का कार्य पूर्ण होने के बाद दूसरी किश्त भी उनके खातों में निर्गत की जाएगी।