संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में शासन ने मोबाइल एक्सरे मशीन को भेजा है। इससे अब क्षय रोगियों के उपचार लिए जो कैंप लगाए जाएंगे, उनका एक्स-रे मौके पर ही हो जाएगा।
जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शासन की ओर से मोबाइल एक्सरे मशीन भेजी गई है। इससे अब टीबी सहित अन्य रोगों की जांच के लिए लगने वाले स्वास्थ्य शिविरों में मौके पर ही एक्सरे सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी। अब तक मरीजों को जांच के लिए जिला अस्पताल या अन्य केंद्रों तक जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी।
नई मोबाइल एक्सरे मशीन के आने से यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। खासकर दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, टीबी उन्मूलन अभियान को गति देने के लिए यह पहल की गई है। शिविरों में पहुंचकर मरीजों की तत्काल जांच होगी, जिससे बीमारी का समय रहते पता लगाकर उपचार शुरू किया जा सकेगा।
वर्जन
टीबी की जल्द पहचान और उपचार बेहद जरूरी है। मोबाइल एक्सरे मशीन के जरिये अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग संभव होगी और संक्रमण को फैलने से रोका जा सकेगा। - डॉ. इम्तियाज अहमद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी