संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मनरेगा में गड़बड़ी कर सवा लाख रुपये का गबन करने के मामले में पुलिस ने आरोपी रोजगार सेवक को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया।
ब्लॉक बिरधा अंतर्गत ग्राम महोली में तैनात ग्राम विकास अधिकारी शरद यादव की तहरीर पर बालाबेहट पुलिस ने तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी अमित जैन व रोजगार सेवक सुरेश श्रीवास्तव निवासी ग्राम महोली के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज किया था। दोनों पर महोली में मनरेगा के जॉबकार्डों में अन्य लोगों के बैंक खातों का प्रयोग करने और अल्पसंख्यक परिवार न होने के बाद भी जॉबकार्ड जारी कर 1.21 लाख रुपये की गड़बड़ी का आरोप जांच में सही पाया गया था।
रविवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी सुरेश श्रीवास्तव को कस्बा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष बालाबेहट अजीत सिंह, उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।