संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। तुवन ग्राउंड पर चल रहे एमएलए कप में शुक्रवार को तीन मैच खेले गए। बुढ़वार, पवा व चांदमारी की टीम ने बाजी मारी।
इस दौरान सर्वप्रथम पुलवामा के वीरों को नमन किया गया। कार्यक्रम संयोजक श्रीकांत कुशवाहा ने कहा कि पुलवामा हमला पाकिस्तान की कायरता की निशानी है। पूरा देश 14 फरवरी को वेलेंटाइन डे के बजाय पुलवामा बलिदानियों को याद कर रहा है।
पहला मैच बारौद क्रिकेट क्लब और गुरु क्रिकेट क्लब बुढ़वार के बीच खेला गया। टॉस जीतकर बारौद ने बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने आठ ओवर में 42 रन पर ही सभी विकेट खो दिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुढ़वार टीम ने छह ओवर में रन बनाकर मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच राहुल सिंह बने।
दूसरा मैच आरसीसी रामनगर और बुंदेला क्रिकेट क्लब पवा के बीच खेला गया। रामनगर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 92 का लक्ष्य रखा। इसका पीछा करने उतरी पवा ने 10 ओवर में ही सात विकेट से जीत दर्ज कर ली। मैन ऑफ द मैच राज बने।
तीसरा मैच महाकाल क्रिकेट क्लब और चांदमारी क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। महाकाल क्रिकेट क्लब ने बल्लेबाजी करते हुए 110 रन का लक्ष्य रखा। पीछा करने उतरी चांदमारी टीम ने चार विकेट से मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच आदर्श बने।
इस दौरान मुख्य अतिथि पूर्व पार्षद कैलाश कुशवाहा, विशिष्ट अतिथि युवा मोर्चा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष गौरव गौतम, राजकुमार यादव, भाजपा कार्यालय प्रभारी संदीप बुंदेला, धर्मेंद्र राजा, केके गंगेले, हेमंत साहू, देवेंद्र कुशवाहा, केपी राजा लड़वारी, राकेश त्रिवेदी, ऋषभ दुबे, दीपक मिश्रा आदि मौजूद रहे।