ललितपुर। प्रदेश सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने पर विकास के तमाम दावे किए जा रहे हैं लेकिन जिले में महरौनी विधानसभा क्षेत्र की सड़कें इन दावों की हकीकत बता रहीं है। बारिश से क्षेत्र की अधिकांश सड़कें खस्ताहाल हो गई हैं। मड़ावरा तहसील क्षेत्र में गिरार, धौरीसागर, हंसरा, नाराहट, रखवारा आदि स्थानों तक जाने वाले संपर्क मार्गों की हालत दयनीय हो चली है। लोग कह रहे हैं कि मंत्री जी आकर देखें कि लोग जान जोखिम में डालकर कैसे इन खस्ताहाल सड़कों पर चलने को मदबूर हैं।
उधर, महरौनी तहसील क्षेत्र में भी अधिकांश सड़कों की स्थित खराब हैं। जखौरा गांव के बीच करीब 12 वर्ष पहले बारिश में कटी सड़क पर अब तक न तो मरम्मत हुई और न ही यहां पुलिया बनवाना मुनासिब समझा गया। ग्रामीणों को जहां आवागमन में दिक्कत होती तो बच्चों को इसी कटी सड़क से जान जोखिम में डालकर स्कूल जाना पड़ता है। दलदल होने के कारण कई बार बच्चे गिरकर चुटहिल हो चुके हैं। यह स्थिति तब है जब इस क्षेत्र से चुने गए विधायक मनोहर लाल पंथ प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री हैं। इसके बाद भी इन मार्गों की मरम्मत तक कराना मुनासिब नहीं समझा गया है।
--
मध्यप्रदेश के लोगों का भी होता है आवागमन
तहसील मुख्यालय से गिरार होते हुए मध्यप्रदेश में सागर, छतरपुर, बंडा आदि स्थानों समेत क्षेत्रीय नागरिकों का ग्रामीण अंचल में आवागमन होता है, सड़कों की बदहाल हालात और गड्ढों में से गुजरना काफी दूभर हो रहा है। ग्रामीणों द्वारा सड़कों की मरम्मत कराए जाने की मांग डीएम से की गई है।
--
इन मार्गों का है बुरा हाल
-मड़ावरा से गिरार तक लोक निर्माण विभाग की 17 किमी लंबी सड़क मरम्मत के अभाव में जीर्णशीर्ण हो चुकी है। हंसरा-हंसरी होते हुए गिरार पहुंचने वाले संपर्क मार्ग की स्थिति भी काफी खराब है। हंसरा तक आठ किमी लंबी सड़क भी काफी जर्जर हो चुकी है। हंसरा से बम्होरीखुर्द तक जिला पंचायत द्वारा बनवाया गया संपर्क मार्ग सोलिंग युक्त है जिसमें काफी बड़े गड्ढे हो गए हैं।
-मडावरा से ग्राम धवा होकर रखवारा तक जाने वाला संपर्क मार्ग जर्जर हो चुका है। धवा गांव में सड़क पर गहरे गड्ढों गुजरना काफी दूभर हो गया है। मड़ावरा से बम्होरीकला से होते हुए धौरीसागर तक जाने वाली प्रधानमंत्री सड़क की हालात भी अच्छी नहीं है वहीं ग्राम पिपरट से होते हुए जामनी बांध-नाराहट सड़क मार्ग में भी काफी गड्ढे हो जाने से राहगीरों को आवागमन में बहुत मुश्किल उठाना पड़ रही है।
---
इन सड़कों की स्थिति जस की तस
-महरौनी से नाराहट जाने वाली सड़क पर कई सालों से गड्ढे हो रहे हैं। इस सड़क पर बीते साल गड्ढामुक्त अभियान चला था। लाखों खर्च होने के बाद भी आज स्थित जस की तस हो गई है।
- उधर, ग्राम छायन से कुम्हेडी जाने वाला मार्ग खस्ताहाल हो गया है। इस सड़क पर गहरे गड्ढे होने से वाहन तो दूर लोगों का पैदल निकलना जोखिम भरा साबित हो रहा है।
-महरौनी से जखौरा संपर्क मार्ग कई सालों से खस्ताहाल है। बारिश में सड़क पर गहरे गड्ढे हो जाने से वाहन तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी प्रसूताओं और बुजुर्ग मरीजों को अस्पताल तक जाने में हो रही है।
- जखौरा गांव के बीच करीब 12 वर्ष से सड़क बारिश में कट गई थी जिसकी अब तक न तो मरम्मत हुई और न ही यहां पुलिया बनवाई गई है।
- क्षेत्र के ग्राम बमहौरी बहादुर पुर से कुम्हेडी संपर्क मार्ग आज भी कच्चा पड़ा हुआ है कच्चा मार्ग होने से क्षेत्र वासियों को कई किलोमीटर का चक्कर काट कर महंगा डीजल-पेट्रोल खर्च करना पड़ता है।
- बानपुर-कैलगुवां संपर्क मार्ग पर जुड़ा हुआ पुराधनकुवां संपर्क मार्ग जिसकी दूरी करीब तीन किमी है, यह सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो रही है। इस मार्ग से होते हुए प्रतिदिन सैकड़ों मजदूर मुख्यमार्ग पर आवागमन करते हैं।
-बानपुर से उदया पाह संपर्क मार्ग पर इतने बड़े गड्ढे हो गए हैं कि आम आदमी को पैदल भी निकलना मुश्किल हो रहा है। उदया, टपरन, पाह, ऊमरी, बूटी दिदौरा, दरौनी, सिमिरिया आदि के सैकड़ों लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं।
- बिरधा नगर क्षेत्र का मुख्यमार्ग पर गड्ढे होने से आम आदमी को दिक्कत का सामना रना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों की स्थित और भी खराब है।
--------------
बोले ग्रामीण
बिरधा मुख्य मार्ग की खस्ताहाल सड़क को ठीक कराने के लिए ग्रामीणों द्वारा कई बार शिकायतें की गई है लेकिन अधिकारियों पर कोई असर देखने को नहीं मिला है सड़क के गड्ढों में रोजाना कई लोग गिर रहे है। मीरा साहू मोदी, ग्राम प्रधान बिरधा
सड़क से उदया पाह समेत लगभग आधा दर्जन गांव के लोग गुजरते हैं जिन्हें काफी असुविधा होती है मार्ग में साल भर जलभराव रहता है निकलना दूभर है। लोग परेशान रहते हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं। अवध बिहारी पटैरिया, ग्राम प्रधान पाह
बानपुर-उदया संपर्क मार्ग की हालत बहुत खराब है। उम्मीद है कि मंत्री जी इस सड़क को संज्ञान में लेकर जल्द बनवा देंगे तभी क्षेत्र के लोगों की समस्या का समाधान होगा। लोगों को बहुत समस्या होती है। डॉ. आशीष रावत, सदस्य जिला पंचायत
करीब दो वर्ष से यह सड़क पूरी तरह खराब हो चुकी है। उम्मीद थी कि विधायक जी सड़क को बनवा देंगे लेकिन इस बार भी निराश होना पड़ा। बच्चों और बुजुर्गों को निकलने में बहुत समस्या होती है। कोई सुनने वाला नहीं है। मनोज कुमार
सड़क उखड़ने से जहां गिट्टी फैल रही है वहीं गहरे गड्ढों से गुजरना मुश्किल हो रहा है। इस रास्ते से गुजरने वालों कई लोग गिरकर चुटहिल हो चुके हैं। मंत्री जी को इस सड़क को बनवाना चाहिए। लोगों की समस्या देखनी चाहिए। बबलू राजा
जिला मुख्यालय से करीब साढ़े तीन किमी दूर स्थित जखौरा गांव के लोगों को उम्मीद थी कि विधायक प्रदेश में राज्यमंत्री बनाए गए हैं इससे विकास होगा लेकिन नतीजा सिफर रहा। कोई देखने वाला नहीं है। राजेंद्र सिंह, ग्राम जखौरा।
महरौनी से नाराहट जाने वाली सड़क में गड्ढे हैं विगत वर्ष लाखों खर्च कर गड्ढों को भरने का कार्य किया गया था लेकिन कुछ महीनों में ही फिर से गड्ढे हो गए हैं वाहनों के निकलने में भारी परेशानी हो रही है। सुरेंद्र सिंह, निवासी पठा।
महरौनी-नाराहट सड़क पर गड्ढा होने के कारण निकलना दूभर हो रहा है। मंत्री जी क्षेत्र के विकास का दावा कर रहे हैं लेकिन इस सड़क पर नजरें इनायत नहीं की। लोगों की समस्या देखने वाला कोई नहीं है। हरी शंकर, बिदुआ पठा
कुम्हेडी संपर्क मार्ग खस्ताहाल हो गया है सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे नजर आते हैं। साढ़े चार साल बीत गए अब छह महीने में क्या उम्मीद करें कि सड़क बनवा दी जाएगी। लोग जान जोखिम में डालकर निकलने को मजबूर हैं। नारायण सिंह
पर्याप्त रख-रखाव के अभाव एवं ओवरलोड वाहनों के गुजरने से मड़ावरा से गिरार तक सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। विधायक जी इस सड़क को प्राथमिकता से बनवा दें तो लोगों का सुविधा होगी। पुष्पेंद्र सिंह तोमर, अध्यक्ष, बार संघ मड़ावरा
गिरार की सड़क काफी लंबे समय से जर्जर है। क्षेत्रवासियों द्वारा सड़क मरम्मत एवं नवीनीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन राज्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में भी सड़कों की बदहाली झेलनी पड़ रही है। प्रिंस प्रताप, ग्राम गिदवाहा
क्या बोले राज्यमंत्री
विधान सभा क्षेत्र में विधायक निधि 5.50 करोड़ रुपये से सीसी सड़कें, पेवर ब्रिक्स व नाली का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा त्वरित आर्थिक विकास योजना व बुंदेलखंड विकास निधि से भी सड़कों का निर्माण कार्य कराया है। सड़कों की मरम्मत का काम बारिश के कारण नहीं हो सका। मड़ावरा से गिरार,धवा-रखवारा सड़क प्रधानमंत्री सड़क योजना द्वारा बनवाया जाना है, साथ ही पिपरट-नाराहट सड़क की भी वृहद मरम्मत कराई जानी है। बारिश के खत्म होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। इसके अलावा जनपद में एयरपोर्ट, डिफेंस कॉरिडोर, मेडिकल कॉलेज सहित कई ऐसे बड़े कार्य मंजूर कराकर काम शुरू करा दिया है जिससे जिले का विकास होगा। मनोहर लाल पंथ, विधायक व राज्यमंत्री प्रदेश सरकार
-----------------
बानपुर से उदया पाह संपर्क मार्ग- फोटो : LALITPUR
जखौरा गांव को महरौनी से जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की हालत- फोटो : LALITPUR
ग्राम जखौरा के बीच से निकली सड़क, कई वर्षों पहले बारिश में कट गई थी।- फोटो : LALITPUR
बानपुर-कैलगुवां संपर्क मार्ग- फोटो : LALITPUR
महरौनी से नाराहट जाने बाली सड़क गड्ढों में तब्दील- फोटो : LALITPUR
मड़ावरा से धबा रखवारा संपर्क मार्ग- फोटो : LALITPUR