फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बांध में मिला लापता शिक्षक का शव, हत्या की आशंका

विज्ञापन
विज्ञापन
महरौनी (ललितपुर)। दो दिन से लापता शिक्षक मयंक का शव शनिवार को सजनाम बांध से बरामद हुआ। मृतक के बाएं हाथ में तीन जगह धारदार हथियार से कट के निशान हैं। बांध के किनारे मिले सामान के पास रक्त से सना चाकू भी मिला है। पुलिस को आशंका है कि उसने बांध में कूदने से पहले हाथ की नसें काटी होंगी। मामा ने मयंक की हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में उसकी बाइक पर एक अन्य युवक बैठा था। उसके मिलने पर घटना का कारण साफ हो जाएगा।
विज्ञापन

मध्य प्रदेश के जिला सागर के थाना केसली के ग्राम टड़ा निवासी मयंक जैन जनपद के थाना सोजना क्षेत्र के ग्राम इमला खेड़ा में स्थित प्राथमिक पाठशाला में सहायक अध्यापक था। वह महरौनी के मोहल्ला चौधरीपुरा में अपने मामा संजय जैन के यहां करीब दो वर्ष से रह रहा था। 11 नवंबर को वह मामा के घर से सुबह करीब साढ़े नौ बजे बाइक से निकला था। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो मामा संजय जैन एवं अन्य परिजनों ने उसके मोबाइल से संपर्क साधा तो उसका स्विच ऑफ मिला। संजय जैन ने उसके पिता को इसकी जानकारी दी। पिता व अन्य परिजन भी आ गए और उसकी खोजबीन करने लगे। शुक्रवार को सुबह खोजते हुए वह एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे। वहां मयंक अक्सर पेट्रोल भरवाने जाता था। वहां कर्मचारियों ने बताया कि मयंक बृहस्पतिवार को उनके यहां पेट्रोल भरवाने आया और सजनाम बांध का रास्ता पूछ रहा था। इस पर परिजन सजनाम बांध पहुंचे। खोजबीन के दौरान गेट के पास मयंक की बाइक एवं बांध पर टंकी पर बैग, हेल्मेट, जूता, चाबी का गुच्छा, पानी की बोतल आदि सामान रखा मिला था। सामान के साथ रक्त से सना चाकू भी पड़ा था। बांध के पास खून के कुछ धब्बे भी पड़े मिले।
जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जिस जगह सामान मिला, वहां बांध में नाव से स्थानीय मछुआरों की मदद से खोजबीन की, लेकिन देर रात तक उसका पता नहीं चल सका था। पुलिस ने शनिवार सुबह तालबेहट से कुछ गोताखोर बुलवाए। कांटा डालकर उसकी तलाश शुरू की। टंकी के पास गहरे पानी में उसका शव मिल गया। इस पर गोताखोरों की मदद से उसका शव बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव का परीक्षण किया तो उसके बाएं हाथ की कलाई पर तीन जगह धारदार हथियार से कट लगे थे। फिर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन

पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी में दिखा एक अन्य युवक
महरौनी से ललितपुर रोड से एक पेट्रोल पंप पर मयंक जैन पेट्रोल भरवाने पहुंचा था, जिसकी फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उसके मामा संजय जैन ने बताया कि सीसीटीवी में मयंक के साथ बाइक पर एक अन्य युवक भी बैठा देखा गया है, जिस पर उन्हें शक है। फिलहाल महरौनी पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
एक नवंबर को हुआ था फलदान, 23 जनवरी को थी शादी
जनपद में मयंक जैन की शादी तय हो गई थी। परिजनों के मुताबिक एक नवंबर को उसका फलदान (रोक) हो गया था 23 जनवरी को शादी होनी थी। घटना से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
तीन नौकरी छोड़ने के बाद ललितपुर में शिक्षक बना था
मयंक जैन ने पूर्व में मध्य प्रदेश के पन्ना जेल में शिक्षक की नौकरी की है। इसके बाद मध्य प्रदेश में ही लेखपाल बन गया और फिर वह दिल्ली में नवोदय विद्यालय में शिक्षक की नौकरी लग गई थी। फिर उसकी दो साल पहले ललितपुर के सोजना क्षेत्र में शिक्षक की नौकरी लग गई, तो वह महरौनी में अपने मामा के यहां रुका हुआ था।
दो दिन से लापता शिक्षक का शव सहनाम बांध बरामद हुआ है। उसके हाथ की नसें कटी थीं। आशंका है कि उसने आत्महत्या से पहले नस काटने की कोशिश की हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।-धर्मेंद्र सिंह, थाना इंचार्ज
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें