- उपखंड अधिकारी ने मीटर रीडरों पर कार्रवाई को बिलिंग एजेंसी को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बिजली विभाग के उपखंड कार्यालय पंचम के अंतर्गत घर-घर जाकर विद्युत मीटरों से बिलिंग करने के मामलों में जांच के दौरान सामने आया है कि चार मीटर रीडरों द्वारा एक ही स्थान पर बैठकर यानि टेबल बिलिंग से 385 बिलिंग की गई है। ऐसे में उपखंड अधिकारी ने मीटर रीडरों पर कार्रवाई के लिए बिलिंग एजेंसियों को पत्राचार किया है।
बिजली विभाग द्वारा शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में पुराने इलेक्ट्रॉनिक मीटरों पर मीटर रीडरों के माध्यम से बिलिंग कराई जाती है। मीटर रीडर उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर मीटरों से रीडिंग लेकर बिजली के बिल बनाते हैं। कई बार बहुत से मीटर रीडर मेहनत से बचने के लिए एक ही स्थान पर बैठकर मशीनों में अपनी मर्जी के अनुसार रीडिंग भरकर बिल बना देते हैं। ऐसे में अधिकांश बार यह मीटर रीडर मीटरों से कम रीडिंग का बिल बनाकर देते हैं, जिस पर उपभोक्ता तो बिल समय से जमा कर देता है, लेकिन बाद में मीटरों से बिल बनाने पर स्टोर रीडिंग का भी बिल बन जाता है और उपभोक्ताओं को एक साथ बढ़ी हुई रीडिंग का लाखों का बिल थमा दिया जाता है, जिस पर उपभाेक्ताओं को परेशान होना पड़ता है।
बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी पंचम ने ऐसे में कुछ मामले जांच के दौरान पकड़े। उपखंड अधिकारी पंचम के अंतर्गत 385 उपभोक्ताओं की बिलिंग जिन मीटर रीडरों द्वारा की गई है उनकी सूची में प्रदर्शित बिलिंग के जीपीएस कॉर्डिनेट्स की जांच करने पर पाया गया कि गल्ला मंडी उपखंड से संबंधित चार मीटर रीडरों द्वारा लगभग 385 उपभोक्ताओं के बिल एक ही स्थान पर बैठकर बनाए गए हैं यानि इनकी टेबल बिलिंग की गई है। इनमें मीटर रीडर विशाल पटेल द्वारा 65, संतोष साहू द्वारा 137, अखिलेश साहू द्वारा 101 और महेंद्र झा द्वारा 61 मीटरों की टेबल बिलिंग की गई है। इस पर उपखंड अधिकारी ने इस संबंध में बिलिंग एजेंसी को उक्त मीटर रीडरों पर कार्रवाई के लिए पत्राचार किया गया है। इस संबंध में संजय सागर, उपखंड अधिकारी पंचम विद्युत, नझाई बाजार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है कार्रवाई की जा रही है।