ललितपुर। आगासौद-बीना रेलखंड में तीसरी रेल लाइन के यार्ड रीमॉडलिंग का काम पूरा होने के बाद भी फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं मिलने से ललितपुर-बीना मेमू ट्रेन का संचालन 21 अक्तूबर तक निरस्त कर दिया गया है। उधर, शनिवार को ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पंजाबमेल एक्सप्रेस करीब 11 घंटे और सचखंड एक्सप्रेस लगभग 13 घंटे विलंब से ललितपुर पहुंचीं। इसके अलावा उत्कल, हीराकुंड और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें भी देरी से आईं।
आगासौद-बीना रेलखंड में तीसरी रेल लाइन के लिए यार्ड रीमॉडलिंग का काम 15 अक्तूबर को पूरा हो गया था। हालांकि, लाइन और प्लेटफॉर्म को फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं मिलने के कारण रेल प्रशासन ने ललितपुर-बीना मेमू ट्रेन को 17 से 21 अक्तूबर तक निरस्त रखने का निर्णय लिया है। तकनीकी कमियों को दूर कर फिटनेस प्रमाणपत्र मिलने के बाद 22 अक्तूबर से ट्रेन का संचालन बहाल होने की उम्मीद है।
इनसेट
पंजाबमेल, सचखंड समेत कई ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं
शनिवार को डाउन रूट की श्री धाम एक्सप्रेस निर्धारित समय रात 2:42 बजे के बजाय सुबह 5:47 बजे ललितपुर पहुंची। पुरी से हरिद्वार जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस सुबह 3:33 बजे के स्थान पर 7:22 बजे आई। वहीं, सचखंड एक्सप्रेस सुबह 5:11 बजे के बजाय शाम 6:19 बजे पहुंची।
विशाखापट्टनम से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली हीराकुंड एक्सप्रेस सुबह 5:59 बजे के स्थान पर 9:41 बजे आई। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस भी सुबह 10:06 बजे के बजाय दोपहर 12:19 बजे पहुंची। झेलम एक्सप्रेस दोपहर 12:26 बजे के स्थान पर 1:46 बजे आई।
पंजाबमेल एक्सप्रेस के निर्धारित समय दोपहर 12:50 बजे के बजाय देर रात 12:07 बजे पहुंचने की संभावना जताई गई। दरभंगा-साबरमती एक्सप्रेस शाम 4:14 बजे के बजाय करीब पौने सात बजे पहुंची। कुशीनगर एक्सप्रेस और पातालकोट एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से विलंब से आईं। हजरत निजामुद्दीन-गोंडवाना एक्सप्रेस रात 10:20 बजे के बजाय देर रात 2:24 बजे पहुंची।
इनसेट
अप रूट की ट्रेनें भी प्रभावित
अप रूट पर पंजाबमेल एक्सप्रेस दोपहर 1:25 बजे के बजाय 3:16 बजे पहुंची। झेलम एक्सप्रेस के निर्धारित समय रात 8:08 बजे से करीब तीन घंटे विलंब से आने की संभावना जताई गई। वहीं, सचखंड एक्सप्रेस के शनिवार शाम 7:56 बजे के निर्धारित समय के बजाय रविवार तड़के पहुंचने की संभावना थी।
कोट
आगासौद-बीना में यार्ड रिमॉडलिंग का काम पूरा हो चुका है। कुछ परिचालन संबंधी कारणों के चलते ललितपुर-बीना मेमू को 21 अक्तूबर तक निरस्त किया गया है। जबकि अन्य सेक्शन में तकनीकी कारणों के चलते कुछ ट्रेनें विलंब से आईं।
-मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, रेलवे झांसी।