- पहले बैच के 100 विद्यार्थियों की अस्थायी भवन में लग रहीं कक्षाएं, स्टाफ के आवास में रहने को विवश
- कार्य पूर्ण होने की अवधि के 30 माह बाद भी नहीं दुरुस्त हो सकीं व्यवस्थाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष का सत्र अंतिम चरण में पहुंच रहा है, इसके बाद भी भवन में बिजली व पानी का इंतजाम नहीं हो सका है। ऐसे में अस्थायी व्यवस्था के सहारे अस्पताल में शिक्षण कार्य कराया जा रहा है। विद्यार्थी स्टाफ के आवास में ठहरे हुए हैं। अब आगामी सत्र तक सुविधाएं न हो सकीं तो प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाई कराना मुश्किल होगा। हद तो तब हो गई, निर्धारित अवधि के 30 माह बाद भी सुविधाएं नहीं हो सकी हैं। ऐसे में जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
जनपद में मेडिकल कॉलेज का निर्माण वर्ष 2021 में शुरू किया गया था। इसमें ग्राम अमरपुर स्थित कॉलेज का निर्माण किया गया था, साथ ही जिला अस्पताल के पीछे 300 बेड के आठ मंजिला भवन का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। इसका निर्माण 2.87 अरब से किया गया था। भवन को नवंबर 2022 में पूर्ण होना था। लेकिन, कार्यदायी संस्था की उदासीनता के चलते तय समय पर कार्य नहीं हो सका। इस पर कार्य पूर्ण होने की अवधि को बढ़ाकर जून 2023 किया गया। इसमें भी कार्य पूर्ण नहीं हो सका। भवन भले ही पूर्ण नहीं हो सका था, पर एनएमसी से 31 जुलाई 2024 में 50 सीट की मान्यता मिल गई थी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की कोशिश से सितंबर वर्ष 2024 में 50 सीटों की और मान्यता मिल गई थी। मेडिकल कॉलेज को 100 सीटों पर मान्यता मिलने के बाद प्रथम सत्र में 100 विद्यार्थियों के प्रवेश तो हो गए लेकिन उन्हें अस्थायी कक्षाओं में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। वहीं, इन्हें रहने के लिए हॉस्टल तक की सुविधा नहीं मिल सकी। ऐसे में वह स्टाफ के आवासों में रहने को मजबूर हैं। जिला प्रशासन के हस्तक्षेप से कमियों के साथ ही भवन को हस्तांतरित किया गया था। अमरपुर स्थित भवन में बिजली व पानी की समस्या होने पर अस्थायी भवन में सत्र 2024-25 के छात्रों की पढ़ाई 15 अक्तूबर से करा दी थी। तब से अबतक अस्थायी भवन में ही कक्षाएं चल रही हैं। अब प्रथम सत्र अंतिम चरण में चल रहा है। कुछ ही माह बाद सत्र 2025-26 में प्रथम वर्ष में 100 विद्यार्थी प्रवेश लेंगे। ऐसे में अब अमरपुर भवन में जल्द ही पानी व बिजली की सुविधा न हो सकी तो विद्यार्थियों की पढ़ाई कराना मुश्किल हो जाएगा। इसके बाद भी जिम्मेदार मौन बने हुए हैं।
-
एक नजर
मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरू - 2021
निर्माण राशि - 2.87 अरब
कार्य पूर्ण होने की अवधि - नवंबर 2022
कार्य पूर्ण की बढ़ाई अवधि - जून 2023
मेडिकल कॉलेज को मान्यता - 31 जुलाई 2024
100 सीट की मान्यता - सितंबर 2024
एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू - 15 अक्तूबर 2024
-
अमरपुर स्थित मेडिकल काॅलेज भवन में पानी व बिजली की सुविधा के लिए कार्यदायी संस्था को पत्राचार किया गया है।
- डॉ. डीनाथ, प्रधानाचार्य, मेडिकल कॉलेज
-
मेडिकल कॉलेज के अमरपुर भवन में पेयजल आपूर्ति के लिए सीडब्ल्यूआर बन गया है। पंप हाउस का निर्माण किया जा रहा है। जल्द ही आपूर्ति शुरू की जाएगी। - मुकेश पाल सिंह, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान